Homeहिन्दीराष्ट्रीयमानसून सत्र: लोकसभा में SIR के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही...

मानसून सत्र: लोकसभा में SIR के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली, 31 जुलाई। लोकसभा में गुरुवार को बिहार में मतदाताओं की पहचान के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू किया विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन के बीचों बीच आ गए। बिरला ने कहा कि आप प्रश्नकाल नहीं चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नियोजित तरीके से सदन में व्यावधान पैदा करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि सदन चर्चा और संवाद के लिए होता है। अगर सदन में तख्तियां लेकर आयेंगे तब कार्यवाही नहीं चल पायेगी। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि लाखों लोगों ने आप लोगों को चुनकर भेजा है। अपने कार्य और व्यवहार को ठीक करें। अध्यक्ष के बार बार आग्रह के बावजूद हंगामा नहीं रुका तब सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।

वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मीडिया से बात करते कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ पर जो कहा, उसे सबने देखा है, और उन्होंने दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोक दिया है। भारत को दोनों मुद्दों पर जवाब देना होगा। प्रधानमंत्री मोदी हर जगह जाते हैं, दोस्त बनाते हैं और फिर हमें बदले में यही मिलता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments