पीएम मोदी ने जगदीप धनखड़ के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की, उप राष्ट्रपति ने कल अपने पद से दे दिया था इस्तीफा

नई दिल्ली, 22 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की देर रात एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में स्वास्थ्यगत कारणों का हवाला देते हुए उप राष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा दे देने वाले जगदीप धनखड़ के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।

जगदीप धनखड़ के त्यागपत्र के लगभग 15 घंटे बाद पीएम मोदी ने आज एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’ उल्लेखनीय है कि धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को लिखे त्यागपत्र में कहा था कि वह स्वास्थ्य कारणों से उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे रहे हैं।

हाल ही में हुई थी एंजियोप्लास्टी

उल्लेखनीय है कि 74 वर्षीय धनखड़ ने छह अगस्त, 2022 को देश के 14वें उप राष्ट्रपति का पदभार संभाला था और उनका कार्यकाल 2027 तक था। राज्यसभा के सभापति धनखड़ का इस्तीफा संसद के मानसून सत्र के पहले दिन आया। हाल में उनकी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एंजियोप्लास्टी हुई थी और इस वर्ष मार्च में उन्हें कुछ दिनों के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ अवसरों पर उनकी हालत ठीक नहीं दिखी थी, लेकिन संसद सहित सार्वजनिक कार्यक्रमों में वह अक्सर ऊर्जावान ही दिखे। वहीं, विपक्ष उप राष्ट्रपति के इस्तीफे को लेकर सवाल उठा रहा है।

कार्यकाल के बीच में इस्तीफा देने वाले तीसरे उप राष्ट्रपति

कुल मिलाकर देखें तो जगदीप धनखड़ अन्यान्य कारणों से कार्यकाल के बीच में पद से इस्तीफा देने वाले तीसरे उप राष्ट्रपति बन गए। इससे पहले वीवी गिरि ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था, जिन्होंने तीन मई 1969 को तत्कालीन राष्ट्रपति जाकिर हुसैन के निधन के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभाला था। वहीं, भैरो सिंह शेखावत ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) उम्मीदवार प्रतिभा पाटिल के खिलाफ राष्ट्रपति चुनाव में हारने के बाद 21 जुलाई 2007 को उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular