जापान ओपन में भारतीय चुनौती समाप्त : एकल में लक्ष्य सेन व अनुपमा की हार, सात्विक-चिराग की जोड़ी भी परास्त

टोक्यो, 17 जुलाई। टोक्यो मेट्रोपोलिटन जिम्नेजियम में गुरुवार को कोर्ट पर उतरे सभी भारतीय शटलरों को पराजय का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही 9.5 लाख डॉलर ईनामी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट से भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

दरअसल, लक्ष्य सेन और अनुपमा उपाध्याय को जहां क्रमशः पुरुष व महिला में पराजय झेलनी पड़ी वहीं सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की ख्यातिनाम पुरुष युगल जोड़ी भी पूर्व क्वार्टर फाइनल में परास्त हो गई। महिला वर्ग में देश की शीर्षस्थ शटलर पीवी सिंधु बुधवार को पहले ही दौर में हार गई थीं।

BWF विश्व रैंकिंग में 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य को पुरुष एकल में सातवें वरीय जापानी दिग्गज कोडाई नाराओका के हाथों 19-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला करीब एक घंटे तक चला। 23 वर्षीय लक्ष्य ने पहले मैच में चीन के वांग झेंग जिंग पर सीधे गेमों में जीत दर्ज की थी, लेकिन वह अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख सके।

अनुपमा ने विश्व नंबर 2 चीनी स्टार वांग झी यी को कड़ी टक्कर दी

वहीं महिला एकल के प्री क्वार्टर फाइनल में अनुपमा उपाध्याय ने विश्व नंबर दो चीनी स्टार वांग झी यी के सामने कड़ी चुनौती पेश की। लेकिन 55 मिनट तक खिंचे संघर्ष में विश्व रैंकिंग में 42वें नंबर की भारतीय शटलर को 21-13, 11-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले पुरुष युगल में सात्विक और चिराग की विश्व नंबर 15 जोड़ी को चीन के लियांग वेई केंग व वांग चांग की पांचवीं वरीयता प्राप्त टीम के खिलाफ 44 मिनट तक चले मुकाबले में 22-24, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत से पेरिस ओलम्पिक रजत पदक विजेता व पांचवीं सीड वेई केंग व वांग चांग ने भारतीय जोड़ी के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 7-2 कर लिया।

चिराग-सात्विक की वेई केंग व वांग चांग के खिलाफ लगातार चौथी हार

सात्विक व चिराग ने धीमी शुरुआत की,लेकिन जल्द ही लय हासिल करके पहले गेम में 18-14 से बढ़त बना ली। भारतीय जोड़ी हालांकि अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख पाई और चीन की जोड़ी ने वापसी करते हुए पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी आक्रमण और रक्षा दोनों में लड़खड़ा गई और उसे चीनी टीम के खिलाफ लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।

अब चाइना ओपन में किस्मत आजमाएंगे भारतीय शटलर

भारतीय शटलरों का अगला पड़ाव बीजिंग होगा, जहां वे चाइना ओपन सुपर 1000 में खेलते नजर आएंगे। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर की यह प्रतियोगिता अगले मंगलवार से शुरू हो रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular