रूस : पुतिन कैबिनेट से बर्खास्तगी के कुछ ही घंटों बाद कार में मिली पूर्व परिवहन मंत्री की लाश, खुद को मार ली गोली
मॉस्को, 7 जुलाई। रूस से सोमवार की शाम एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई, जब पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट की लाश उन्हीं की कार में मिली। दरअसल, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ही रोमन स्टारोवोइट को बर्खास्त किया था और उसके कुछ घंटों ही बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली।
रूसी समाचार एजेंसियों के हवाले से एएफपी ने बताया कि बर्खास्तगी की घोषणा के बाद स्टारोवोइट ने मॉस्को के एक शहर में खुद को गोली मार ली। रूसी समाचार एजेंसी इजवेस्टिया के अनुसार रूसी जांच समिति ने टेलीग्राम पर एक बयान में पुष्टि की कि स्टारोवोइट का शव मॉस्को के पास ओडिंटसोवो ज़िले में उनकी निजी कार में मिला, जिसमें गोली लगने के निशान थे। घटना की जांच जारी है और अब तक आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।

राष्ट्रपति पुतिन ने दिन में किया था कैबिनेट से बाहर
रूसी जांच समिति ने कहा है कि वह पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों को शक है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है, लेकिन अब तक कोई पक्की जानकारी साझा नहीं की गई है। यह घटना तब सामने आई, जब सोमवार सुबह ही उनकी बर्खास्तगी की आधिकारिक घोषणा की गई थी। हालांकि, क्रेमलिन ने उन्हें पद से हटाने की कोई वजह नहीं बताई। यह पूरा घटनाक्रम चौंकाने वाला रहा।
नए परिवहन मंत्री की हुई नियुक्ति
इस बीच स्टारोवोइट की बर्खास्तगी के तुरंत बाद, राष्ट्रपति पुतिन ने नोवगोरोड क्षेत्र के पूर्व गवर्नर आंद्रेई निकितिन को कार्यवाहक परिवहन मंत्री नियुक्त किया। इसके साथ ही क्रेमलिन ने पुतिन और निकितिन की मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं।
वहीं मई, 2024 में नियुक्ति के बाद रोमन स्टारोवोइट ने करीब एक वर्ष तक रूस के परिवहन मंत्री के रूप में काम किया। इससे पहले वह कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर थे, जो यूक्रेन की सीमा से सटा हुआ है। उस पद पर वह लगभग पांच वर्षों तक रहे। परिवहन मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि इस दौरान रूस यूक्रेन युद्ध के चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुका था और परिवहन व्यवस्था पर काफी दबाव था।
