पूर्व सीएम विजय रूपाणी के निधन पर गुजरात में राजकीय शोक, विधानसभा में आधा झुकाया गया तिरंगा
गांधीनगर, 16 जून। गुजरात में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर राजकीय शोक की घोषणा की गई है। राज्य की अहम इमारतों पर आज राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाया गया। गुजरात विधानसभा, स्वर्णिम कॉम्प्लेक्स 1, गांधीनगर (चौक-0) में तिरंगा आधा झुकाकर फहराया गया। विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज ही शाम छह बजे राजकोट में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व सीएम विजय रूपाणी एअर इंडिया की उसी फ्लाइट में थे, जो 12 जून को अपराह्न दुर्घटनाग्रस्त हुई। इसमें चालक दल समेत 241 यात्रियों की जान चली गई। रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे के करीब विजय रूपाणी के डीएनए सैंपल का मिलान हुआ था। राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने इसकी पुष्टि की थी।
बाद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह मंत्री हर्ष संघवी ने विजय रूपाणी के डीएनए मिलान की जानकारी उनके परिजनों से साझा की थी। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मीडिया को बताया, “सीएम भूपेंद्र पटेल पूर्व सीएम विजय रूपाणी के आवास पर गए और परिवार को बताया कि डीएनए मिलान हो गया है। मुख्यमंत्री ने परिवार को ये भी बताया कि राजकोट में अंतिम संस्कार संपन्न कराने में सरकार उनका सहयोग करेगी।”
परिजनों को सौंपा गया दिवंगत नेता का शव
इस बीच आज पूर्वाहन लगभग 11.30 बजे अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर उनके परिवार को सौंप दिया। उस समय दिवंगत नेता की पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
उसके बाद हवाई मार्ग से पार्थिव शरीर राजकोट ले जाया गया। अंतिम यात्रा से पहले विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को करीब एक घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा। शाम 5 बजे के बाद उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी और रामनाथपारा श्मशान घाट पर पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।
