आईपीएल-18 : जोस बटलर ने गुजरात टाइटंस को शीर्ष पर पहुंचाया, दिल्ली कैपिटल्स सात विकेट से परास्त

अहमदाबाद, 19 अप्रैल। अंग्रेज दिग्गज जोस बटलर के धांसू अर्धशतकीय प्रहार (नाबाद 97 रन, 54 गेंद, चार छक्के, 11 चौके) और उनकी दो मजबूत भागीदारियों की मदद से गुजरात टाइटंस (GT) ने शनिवार को यहां टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-18) 2025 के अहम मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को चार गेंदों के शेष रहते सात विकेट से हराकर तालिका में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

एक भी पचासे के बिना 203 रनों तक पहुंचा दिल्ली कैपिटल्स

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य दिल्ली कैपिटल्स की ओर से हालांकि एक भी अर्धशतकीय भागीदारी देखने को नहीं मिली, लेकिन कप्तान अक्षर पटेल (39 रन, 32 गेंद, दो छक्के, एक चौका) की अगुआई में शीर्ष क्रम के छह बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से मेहमानों ने आठ विकेट पर 203 रन बनाए थे।

टाइटंस व डीसी के बराबर 10-10 अंक

जवाब में मेजबानों ने 19.2 ओवरों में तीन विकेट पर 204 रन बना लिए। इस जीत के सहारे गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स के बराबर सात मैचों में 10 अंक हासिल कर लिए। लेकिन बेहतर नेट रन रेट के सहारे जीटी ने कैपिटल्स को दूसरे स्थान पर धकेल दिया।

बटलर व रदरफर्ड के साथ 119 रनों की विद्युतीय साझेदारी

कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस को पहला झटका दूसरे ही ओवर में लग गया, जब कप्तान शुभमन गिल (सात रन, पांच गेंद, एक चौका) 14 के योग पर रन आउट हो गए। लेकिन इसके बाद उतरे ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ 34 वर्षीय बटलर ने ओपनर साई सुदर्शन (36 रन, 21 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) संग 35 गेंदों पर 60 रन जोड़े तो शेरफेन रदरफर्ड (43 रन, 34 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) के साथ 69 गेंदों पर 119 रनों की विद्युतीय साझेदारी से दल को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। हालांकि 19वें ओवर में रदरफर्ड के लौटने के बाद आए राहुल तेवतिया (नाबाद 11 रन, तीन गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने बटलर को शतक से वंचित किया और अंतिम ओवर में खुद मिचेल स्टार्क की पहली दो गेंदों पर छक्का व विजयी चौका जड़ दिया।

DC के लिए अक्षर व स्टब्स के बीच इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी

इसके पूर्व दिल्ली कैपिटल्स की पारी में कप्तान अक्षर पटेल व ट्रिस्टन स्टब्स (31 रन, 21 गेंद, एक छक्का, दो चौके) के बीच चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों पर 53 रनों की इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी देखने को मिली।

स्कोर कार्ड

वहीं आशुतोष शर्मा (37 रन, 19 गेंद, तीन छक्के, दो चौके), करूण नायर (31 रन, 18 गेंद, दो छक्के, दो चौके), केएल राहुल (28 रन, 14 गेंद, एक छक्का, चार चौके) व ओपनर अभिषेक पोरल (18 रन, नौ गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने भी तेज हाथ दिखाते हुए उपयोगी पारियां खेलीं और अपनी टीम को 200 के पार पहुंचाया। लेकिन बाद में यह स्कोर नाकाफी साबित हुआ। टाइटंस के पेसर प्रसिद्ध कृष्णा ने 41 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए।

रविवार के मैच : पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (मुल्लांपुर, अपराह्न 3.30 बजे), मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular