दिल्ली : पूर्व सीएम केजरीवाल पर लिक्विड फेंककर हमले की कोशिश, AAP कार्यकर्तांओं ने शख्स को दबोचा

नई दिल्ली, 30 नवम्बर। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर आज दक्षिण दिल्ली में एक शख्स ने लिक्विड फेंककर हमला करने की कोशिश की। ग्रैटर कैलाश इलाके में पदयात्रा के दौरान यह वाकया हुआ। हालांकि केजरीवाल के आसपास कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने लिक्विड फेंकने वाले शख्स को दबोच लिया।

सौरभ भारद्वाज का दावा – केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश हुई

इस बीच आम आदमी पार्टी ने हमले को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश हुई है। जिस शख्स ने केजरीवाल पर लिक्विड फेंका, उसके एक हाथ स्प्रिट और दूसरे हाथ में माचिस थी। वह स्प्रिट फेंकने में तो कामयाब हुआ, लेकिन माचिस से जला नहीं सका। यह स्प्रिट केजरीवाल जी और मुझ पर गिरी।’

हमलावार के एक हाथ में स्प्रिट और दूसरे हाथ में माचिस थी

सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘आज दिल्ली के बीचोबीच अरविंद केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश हुई। यह बहुत गंभीर बात है। जब से अरविंद केजरीवाल ने पदयात्रा शुरू की है, भाजपा को नींद आनी बंद हो गई है। उन्हें तीसरी बार दिल्ली में हार दिखाई दे रही है। ऐसे में भाजपा बेइमानी पर उतर आई है।’

उन्होंने कहा, ऐसा हमला पहली बार नहीं हुआ। विकासपुरी पर केजरीवाल पर जानलेवा हमला हुआ, पुलिस देखती रही मुस्कुराती रही। नांगलोई में भाजपा के गुंडों ने हमला किया। बुराड़ी में भी हमले की कोशिश की गई। आज भी आधी कोशिश कामयाब हुई।

AAP ने बताया.. कौन है हमलावर

जिस शख्स ने अरविंद केजरीवाल पर हमला किया उसे पकड़ लिया गया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा, यह लड़का अशोक कुमार है। आधे घंटे के अंदर इसका फेसबुक प्रोफाइल भी ढूंढ लिया गया है। अरविंद केजरीवाल से लेकर बांसूरी स्वराज तक, करीब 15-20 लोगों को यह फॉलो करता है। यह भाजपा का औपचारिक सदस्य हैं। दिल्ली में हारता हुआ देख आज भाजपा के नेताओं ने केजरीवाल जी के ऊपर स्प्रिट फिंकवाकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की।

भाजपा ने घटना को राजनीतिक ड्रामा करार दिया

वहीं कांग्रेस और भाजपा ने इसे लोगों की नाराजगी करार दिया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा – ‘मैं पहले दिन से ही कह रहा हूं कि अरविंद केजरीवाल खुद को थप्पड़ मरवाएंगे, अपने ऊपर चीजें फेंकवाएंगे। अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक यह सिर्फ पानी था। आरोपित इन्हीं का कार्यकर्ता है, जो शराब के नशे में पकड़ा गया है। यह एक राजनीतिक ड्रामा है।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular