भाजपा का एलान : महाराष्ट्र में 5 दिसम्बर को होगा सीएम का शपथ ग्रहण समारोह, सीएम का नाम अब तक तय नहीं

मुंबई, 30 नवम्बर। महाराष्ट्र में महायुति सरकार का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर अब तक संशय बना हुआ है। फिलहाल भाजपा ने शनिवार की शाम मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समरोह की तारीख घोषित कर दी। समारोह को लेकर भाजपा की तरफ से बताया गया है कि पांच दिसम्बर को शाम पांच बजे महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री शपथ लेगा। यह कार्यक्रम मुंबई के प्रतिष्ठित आजाद मैदान में संपन्न होगा।

बावनकुले बोले – शपथ समारोह में पीएम मोदी भी उपस्थित रहेंगे

भाजपा महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने शपथ ग्रहण समारोह के बारे में जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री, महायुति का नेता आगामी पांच दिसम्बर को शाम पांच बजे आजाद मैदान में शपथ लेगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र् विधानसभा का चुनाव हाल ही में संपन्न हुआ है, जिसमें महायुति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 230 सीटें हासिल की। महायुति का नेतृत्व कर रही भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसने 132 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि शिंदे सेना और अजीत पवार की एनसीपी ने क्रमशः 57 और 41 सीटें जीती हैं।

फिलहाल चुनाव में बंपर जीत के बाद मुख्यमंत्री को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं हो सका है। चुनावी नतीजों के बाद से ही दिल्ली और मुंबई दोनों ही जगहों पर मुख्यमंत्री पद के लिए गहन चर्चा चल रही है। लेकिन अब तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। कई सूत्रों के मुताबिक भाजपा देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है तो वहीं शिंदे सेना एकनाथ शिंदे को फिर से मुख्यमंत्री देखना चाहती है।

सतारा में अपने गांव गए एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब

इसी क्रम में शुक्रवार को महायुति के नेताओं की बैठक से पहले कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंद सतारा स्थित अपने गांव लौट गए। अब आज बताया जा रहा है कि शिंदे की तबीयत खराब हो गई है। फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि पांच दिसम्बर तक क्या तस्वीर उभरकर सामने आती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular