Homeहिन्दीराष्ट्रीयआंध्र प्रदेश में दर्दनाक हादसा: करंट लगने से चार लोगों की मौत,...

आंध्र प्रदेश में दर्दनाक हादसा: करंट लगने से चार लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से झुलसा

राजमुंदरी, 5 नवंबर। आंध्र प्रदेश में पूर्वी गोदावरी जिले के ताड़िपारू गांव में सोमवार को फ्लेक्सी बैनर लगा रहे चार लोगों की करंट लगने से मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कहा कि ग्रामीण लोग गांव में समाज सुधारक सरदार सरवई पपन्ना गौड़ की प्रतिमा के अनावरण की तैयारी कर रहे थे। प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर कुछ युवाओं ने गांव में एक विशाल फ्लेक्सी बैनर लगाया।

फ्लेक्सी बैनर लगाते समय पांच लोग हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए, जिससे चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति कोमाटी अनंत राव गंभीर रूप से झुलस गया जिसे तनुकू के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान बोल्ला वीरराजू (26), पामर्थी नागेंद्र (23), मारीशेट्टी मणिकांथा (28) और कासागनी कृष्णा (20) के रूप में की गई है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि फ्लेक्सी बैनर लगाने के दौरान चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और शोक संतप्त परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

पर्यटन मंत्री कंडुला दुर्गेश और गृह मंत्री वंगालापुडी अनिता ने भी समाज सुधारक सरदार सरवई पपन्ना की प्रतिमा के अनावरण के लिए गांव में फ्लेक्सी बैनर बांधते समय करंट लगने की घटना में चार युवकों की मौत पर शोक और दुख व्यक्त किया। खान एवं उत्पाद शुल्क मंत्री कोल्लू रवींद्र ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। इस बीच ग्रामीणों ने मीडिया से कहा कि यहां तेलुगु फिल्म के दिग्गज कलाकार सुमन को आज गांव में समाज सुधारक सरदार सरवई पपन्ना की प्रतिमा का अनावरण करना था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments