1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. पेरिस पैरालम्पिक : प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में तोड़ा एशियाई रिकॉर्ड, भारत के लिए जीता छठा स्वर्ण पदक
पेरिस पैरालम्पिक : प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में तोड़ा एशियाई रिकॉर्ड, भारत के लिए जीता छठा स्वर्ण पदक

पेरिस पैरालम्पिक : प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में तोड़ा एशियाई रिकॉर्ड, भारत के लिए जीता छठा स्वर्ण पदक

0
Social Share

पेरिस, 6 सितम्बर। भारतीय पैरा-एथलीट प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालम्पिक खेलों के नौवें दिन पुरुषों की ऊंची कूद टी64 में नया एशियाई रिकॉर्ड तोड़ा और मौजूदा खेलों में देश को छठा स्वर्ण पदक दिला दिया। छोटे पैरों के साथ पैदा हुए 21 वर्षीय प्रवीण ने छह एथलीटों के बीच 2.08 मीटर की ऊंचाई फांदते हुए सत्र की सर्वश्रेष्ठ कूद लगाई और स्वर्ण पदक पर अधिकार किया। अमेरिकी डेरेक लोकिडेंट ने 2.06 मीटर की ऊंचाई पारकर रजत जीता जबकि कांस्य पदक उज्बेकिस्तान के टेमुरबेक गियाजोव (2.03 मीटर) के नाम रहा।

प्रवीण ने टोक्यो में जीता था रजत पदक

21 वर्षीय प्रवीण ने टोक्यो में 2.07 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। वह शरद कुमार और मरियप्पन थगावेलु के बाद पेरिस में पदक हासिल करने वाले तीसरे हाई जंपर बन गए। पुरुषों की ऊंची कूद टी63 स्पर्धा में शरद ने रजत जबकि मरियप्पन ने कांस्य पदक जीता था। टी64 में वो एथलीट हिस्सा लेते हैं, जिनके एक पैर के निचले हिस्से में मामूली रूप से मूवमेंट कम होता है या घुटने के नीचे एक या दोनों पैर नहीं होते।

इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवीण को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर लिखा, ‘पेरिस 2024 पैरालम्पिक में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रवीण कुमार को हार्दिक बधाई। लगातार पैरालम्पिक में रिकॉर्ड-सेटिंग प्रदर्शन के साथ पदक जीतकर प्रवीण ने असाधारण प्रतिभा दिखाई है। भारत को प्रवीण पर गर्व है। मैं कामना करती हूं कि वह भविष्य में भी खेल उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छूते रहें।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘प्रवीण कुमार को पैरालम्पिक 2024 में पुरुषों की ऊंची कूद टी64 में नई ऊंचाइयों को छूने और स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई! उनके दृढ़ संकल्प और दृढ़ता ने हमारे देश को गौरव दिलाया है। भारत को उन पर गर्व है!’

मौजूदा खेलों में भारत के पदकों की संख्या 26 पहुंची

प्रवीण के इस पदक के साथ पैरालम्पिक खेलों के मौजूदा संस्करण में भारत के पदकों की संख्या 26 हो गई है, जिसमें छह स्वर्ण, नौ रजत और 11 कांस्य पदक शामिल हैं। पैरालम्पिक खेलों में अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का अभियान जारी रखते हुए भारत का पहली पर छह स्वर्ण पदक जीत लिया है। इसके पूर्व टोक्यो पैरालम्पिक में भारतीय एथलीटों ने पांच स्वर्ण सहित 19 पदक जीते थे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code