1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. अमित शाह ने पदाधिकारियों की बैठक में भरी हुंकार – ‘अभी 25 वर्षों तक सत्ता में रहेगी भाजपा, कोई हिला नहीं सकता’
अमित शाह ने पदाधिकारियों की बैठक में भरी हुंकार – ‘अभी 25 वर्षों तक सत्ता में रहेगी भाजपा, कोई हिला नहीं सकता’

अमित शाह ने पदाधिकारियों की बैठक में भरी हुंकार – ‘अभी 25 वर्षों तक सत्ता में रहेगी भाजपा, कोई हिला नहीं सकता’

0
Social Share

नई दिल्ली, 17 अगस्त। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा सरकार अभी 25 वर्षों तक सत्ता में काबिज रहेगी और उसे कोई हिला नहीं सकता है क्योंकि पार्टी की जड़ें मजबूत हैं और संगठन मजबूत है। दरअसल, शाह यहां भाजपा मुख्यालय में शनिवार की शाम भाजपा के राष्ट्रीय व राज्य पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे, जिसमें पार्टी ने एक सितम्बर से अपना सदस्यता अभियान शुरू करने का फैसला किया।

एक सितम्बर से पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू करने का फैसला

अमित शाह ने यह भी कहा कि कांग्रेस जहां एक बार सत्ता में आ जाती है, वहां दुबारा सत्ता में नहीं आती जबकि भाजपा जहां सत्ता में आती है, वहां सत्ता से जाती नहीं है। उन्होंने भविष्य में मजबूत चुनावी संभावनाओं का भरोसा जताते हुए पार्टी नेताओं से भाजपा की विचारधारा को देश के कोने-कोने तक ले जाने का आह्वान किया।

लोगों ने भाजपा सरकारों पर विश्वास जताया, कांग्रेस को खारिज किया

शाह ने कहा कि लोगों ने बार-बार राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकारों में अपना विश्वास व्यक्त किया है और कांग्रेस को खारिज कर दिया है। इस अहम बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की, जिसमें संगठन से जुड़े प्रमुख नेताओं और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

 

भाजपा एक मजबूत विचारधारा से प्रेरित कार्यकर्ता आधारित पार्टी है

अमित शाह ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जो एक मजबूत विचारधारा से प्रेरित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विस्तार के लिए इसकी निरंतर कड़ी मेहनत ने इसे 1984 में जीती गई केवल दो लोकसभा सीटों से राष्ट्रीय राजनीति में वर्तमान में प्रमुख स्थान पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि सत्ता बरकररार रखने में कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड खराब है और उसके विपरीत केंद्र तथा राज्यों में भाजपा की सरकार अकसर पुन: निर्वाचित होती हैं। यही वजह है कि कांग्रेस अब कई राज्यों में एक गंभीर राजनीतिक ताकत के रूप में मौजूद नहीं है।

10 करोड़ से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य

इस बीच भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने बैठक की जानकारी देते हुए उम्मीद जताई कि जब हर जगह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी तो इस आंकड़े को पार कर लिया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य इस अभियान में 10 करोड़ से अधिक सदस्य बनाना है। इसमें वे राज्य शामिल नहीं होंगे, जहां आने वाले महीनों में चुनाव होने हैं। पिछली ऐसी कवायद के बाद पार्टी की सदस्यता संख्या 18 करोड़ थी। कम से कम आधे राज्यों में अभियान खत्म होने के बाद पार्टी को नए अध्यक्ष का चुनाव होने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय महासचिव तावड़े सदस्यता अभियान के संयोजक नियुक्त

संबित पात्रा ने कहा कि यह बैठक सदस्यता अभियान के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला की तरह थी। उन्होंने कहा कि संबंधित कवायद में हर जाति, धर्म और समुदाय को शामिल किया जाएगा, जो सर्वसमावेशी और सर्वव्यापी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े इस अभियान के संयोजक होंगे और पार्टी उपाध्यक्ष रेखा वर्मा सह-संयोजक होंगी।

पार्टी इन चार तरीकों से बनाएगी नए सदस्य

पात्रा ने कहा कि नए सदस्य चार तरीकों – जल्द ही घोषित होने वाले मोबाइल नंबर पर कॉल करने, क्यूआर कोड स्कैन करने, नमो ऐप और भाजपा की वेबसाइट के जरिए बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि, दूरदराज के इलाकों में पार्टी नए सदस्यों को नामांकित करने के लिए पारंपरिक कागजी पद्धति का उपयोग करेगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code