1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. पीएम मोदी हॉकी टीम के कप्तान हरनमनप्रीत से फोन पर बोले – ‘सरपंच साहब! आपको और टीम को बहुत-बहुत बधाई…’
पीएम मोदी हॉकी टीम के कप्तान हरनमनप्रीत से फोन पर बोले – ‘सरपंच साहब! आपको और टीम को बहुत-बहुत बधाई…’

पीएम मोदी हॉकी टीम के कप्तान हरनमनप्रीत से फोन पर बोले – ‘सरपंच साहब! आपको और टीम को बहुत-बहुत बधाई…’

0
Social Share

नई दिल्ली, 8 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पेरिस ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह व गोलकीपर पीआर श्रीजेश सहित अन्य खिलाड़ियों से फोन पर बात की और उन्हें इस सफलता के लिए बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि हरमनप्रीत एंड कम्पनी ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ मैच में स्पेन को 2-1 से हराकर ओलम्पिक खेलों में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं और हस्तियों ने भारतीय हॉकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम प्रशंसा की पात्र : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू ने X पर पोस्ट में लिखा, ‘पेरिस ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई! यह पांच दशक से भी अधिक समय के बाद हुआ है, जब भारत ने लगातार दो ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक जीते हैं। भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम सर्वाधिक प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और जुझारूपन हमारे युवाओं को प्रेरित करेगा। भारतीय हॉकी टीम, बहुत बढ़िया!’

श्रीजेश से बोले पीएम मोदी – ‘नई टीम आपको ही तैयार करनी होगी

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को फोन भी किया। इस दौरान उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत को सरपंच कहकर पुकारा, जिसके बाद सभी खिलखिलाकर हंस पड़े। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने गोलकीपर पीआर श्रीजेश को एक सफल करिअर के बाद रिटायरमेंट लेने पर बधाई भी दी। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि पूरी टीम की मेहनत एक बार फिर रंग लाई है। उन्होंने श्रीजेश से यह भी कहा, ‘भले ही आपने रिटायरमेंट ले लिया हो, लेकिन नई टीम आपको ही तैयार करनी होगी।’

हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव : पीएम मोदी

इसके पहले पीएम मोदी ने X पर पोस्ट करके भी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘एक ऐसी उपलब्धि.. जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। भारतीय हॉकी टीम ने ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। यह और भी खास है क्योंकि यह ओलम्पिक में उनका लगातार दूसरा मेडल है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत दिखाई। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।’

हरमनप्रीत ने अगले ओलम्पिक में और बेहतर प्रदर्शन का किया वादा

इस बीच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पदक जीतने के बाद देशवासियों से हॉकी को अधिक से अधिक समर्थन करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने वादा किया कि अगले ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम और भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। हरमनप्रीत ने कहा, ‘मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि कृपया हॉकी का अधिक से अधिक समर्थन करें। मैं हर भारतीय से वादा करता हूं कि हम कड़ी मेहनत करेंगे और अगले ओलम्पिक में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code