पलनाडु की चुनावी रैली में बोले पीएम मोदी – ‘विकसित भारत’, ‘विकसित आंध्र प्रदेश’ बनाना ही NDA का लक्ष्य

अमरावती, 17 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर देश की प्रगति के लिए काम कर रहा है तथा चुनाव के बाद तीसरे कार्यकाल के दौरान देश कई और बड़े फैसले लेगा। आंध्र प्रदेश में पलनाडु जिले के बोप्पुडी गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजग का लक्ष्य ‘विकसित भारत’, ‘विकसित आंध्र प्रदेश’ बनाना है। पिछले दस वर्षों के दौरान देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी के दायरे से बाहर निकाला गया है।

पूरा देश कह रहा – 4 जून को राजग 400 के पार

पीएम मोदी ने कहा, ‘कल लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की गई। पूरा देश कहता है कि चार जून (मतगणना के दिन) को (राजग की कुल सीटें) 400 पार हो जाएंगी। आंध्र प्रदेश में ‘डबल इंजन’ वाली राजग सरकार राज्य का त्वरित विकास सुनिश्चित करेगी। पूरी दुनिया में राजग नीत सरकार के विकास कार्यों की चर्चा हो रही है।’

क्षेत्रीय आकांक्षाएं और राष्ट्रीय प्रगति दोनों को साथ लेकर चलता एनडीए

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारा NDA गठबंधन क्षेत्रीय आकांक्षाएं और राष्ट्रीय प्रगति दोनों को साथ लेकर चलता है। इस चुनाव में भाजपा के सहयोगी हमारे साथी लगातार बढ़ रहे हैं। NDA की ताकत बढ़ रही है। चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण दोनों लंबे समय से आप लोगों के हक के लिए आंध्र के विकास के लिए दिन-रात आपके लिए काम करते रहे हैं।’

पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार के पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। आंध्र प्रदेश में, एनडीए सरकार ने पीएम आवास योजना के तहत लगभग 10 लाख घर दिए हैं। यहां पालनाडु में गरीबों के लिए करीब 5 हजार पक्के घर बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत आंध्र प्रदेश में करीब एक करोड़ परिवारों को नल कनेक्शन मिल चुका है….’

कांग्रेस का एक ही एजेंडा – गठबंधन सहयोगियों का इस्तेमाल करो और फेंक दो

कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी का एजेंडा अपने गठबंधन सहयोगियों का ‘इस्तेमाल करो और फेंक दो’ है। उन्होंने कहा, ‘NDA में हम सबको साथ लेकर चलते हैं, दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है, जिसका एक ही एजेंडा है गठबंधन के लोगों को यूज एंड थ्रो करना। आज कांग्रेस के लोगों को भले ही मजबूरी में INDI गठबंधन बनाना हो लेकिन इनकी सोच वहीं है। लेफ्ट और कांग्रेस केरल में एक दूसरे को क्या कहते हैं। बंगाल में TMC और लेफ्ट एक दूसरे के लिए क्या-क्या बोलते हैं। पंजाब में कांग्रेस और AAP एक दूसरे के लिए कैसी भाषा बोलते हैं। जो लोग चुनाव से पहले अपने फायदे के लिए ऐसे लड़ते हों, वो चुनाव के बाद क्या करेंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।’

RELATED ARTICLES

Most Popular