Homeहिन्दीराष्ट्रीययोगी सरकार की पहल : वृद्धजनों की हर समस्या का समाधान करेगा...

योगी सरकार की पहल : वृद्धजनों की हर समस्या का समाधान करेगा कल्याण साथी हेल्पलाइन नंबर 14568

लखनऊ, 28 फरवरी। योगी सरकार उत्तर प्रदेश में वृद्धजनों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में सरकार की ओर से ‘कल्याण साथी’ हेल्पलाइन नंबर 14568 का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही ‘कल्याण साथी’ मोबाइल एप और सीनियर सिटीजन के लिए वृद्धाश्रम पोर्टल एवं विभागीय त्रैमासिक पत्रिका ‘कल्याणी’ का भी विमोचन गया।

उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा 53 लाख वृद्धजनों को पेंशन का लाभ प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही छूटे हुए पात्र वृद्धजन कल्याण साथी हेल्पलाइन नंबर 14568 पर कॉल कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। विभाग द्वारा लाभार्थी को पंचायत सहायक के माध्यम से घर बैठे योजना का लाभ दिलाया जाएगा। यह सेवा पूर्वाह्न 9.30 से शाम 6.30 तक कार्य दिवस पर संचालित की जाएगी।

पूर्व कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री द्वारा निदेशालय समाज कल्याण विभाग में समाज कल्याण समाधान केंद्र, ‘कल्याण साथी’ हेल्पलाइन नंबर 14568 का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी व समाज कल्याण विभाग के निदेशक प्रशांत कुमार उपस्थित रहे।

जनपद स्तर पर होगी नियमित मॉनिटरिंग

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि विभागीय योजनाओं की जानकारी, सहायता एवं लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का संचालन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कल्याण साथी हेल्पलाइन नंबर 14568 पर कॉलर योजना का लाभ लेने से संबंधित अपनी किसी भी प्रकार की समस्या को दर्ज करा सकते हैं।

हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज समस्याओं को जनपद स्तर से नियमित अनुश्रवण कर समाधान किया जाएगा एवं लाभार्थी को भी अवगत कराया जाएगा। इसी प्रकार छात्रवृत्ति, सामूहिक विवाह आदि योजनाओं से संबंधित समस्याओं का भी तुरंत समाधान किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments