हांगझू एशियाई खेल : नीरज चोपड़ा ने सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप से बचाया खिताब, किशोर जेना को रजत पदक

हांगझू, 4 अक्टूबर। भारत के ‘गोल्डन ब्वॉय’ नीरज चोपड़ा ने यहां हांगझू एशियाई खेलों में भी अपनी अंसदिग्ध श्रेष्ठता सिद्ध की और बुधवार को सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए भाला प्रक्षेप स्पर्धा के खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया, जो उन्होंने चार वर्ष पूर्व जकार्ता खेलों में पहली बार जीता था। वहीं नीरज के साथी भाला प्रक्षेपक किशोर कुमार जेना रजत पदक जीतने में सफल रहे।

नीरज ने चौथे प्रयास में 88.88 मीटर के प्रक्षेप से स्वर्ण जीता

मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन व विश्व विजेता नीरज चोपड़ा ने हांगझू ओलम्पिक स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में 88.88 मीटर के थ्रो से लगातार दूसरी बार स्वर्णिम उपलब्धि अर्जित की। दरअसल, इवेंट स्थल पर तकनीकी समस्याओं के कारण 25 वर्षीय नीरज का पहला थ्रो रद कर दिया गया था। उसके बाद उन्होंने अपना पहला थ्रो दोबारा फेंका। अंततः उन्होंने अपने चौथे प्रयास स्वर्णिम प्रक्षेप किया।

किशोर ने रजत जीतने के दौरान दो बार व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया

वहीं, किशोर कुमार जेना ने न केवल हांगझू में अपना पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक जीता बल्कि उन्होंने दिन में दो बार अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया। किशोर स्टैंडिंग में कुछ समय के लिए नीरज से आगे भी निकल गए थे।

किशोर अपने तीसरे थ्रो (86.77 मीटर) के साथ इस साल की शुरुआत में बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप में अपने पिछले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ (84.77 मीटर) को पार कर लिया। वहीं, अपने चौथे थ्रो में उन्होंने और सुधार करते हुए 87.54 मीटर दूर तक भाला फेंका। इसके साथ ही उन्होंने रजत पदक जीत लिया। जापान के रोडरिक जेनकी डीन ने 82.68 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

RELATED ARTICLES

Most Popular