1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां का निधन, इटली में हुआ अंतिम संस्कार
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां का निधन, इटली में हुआ अंतिम संस्कार

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां का निधन, इटली में हुआ अंतिम संस्कार

0
Social Share

नई दिल्ली, 31 अगस्त। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां श्रीमती पाओला माइनो का गत शनिवार, 27 अगस्त को इटली में उनके आवास पर निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को वहीं पूरे विधि विधान से हुआ। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने इस बाबत ट्वीट कर जानकारी दी है।

अस्वस्थ मां को देखने के लिए सोनिया 23 अगस्त को इटली रवाना हुई थीं

उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी बीते सप्ताह ही स्वास्थ्य जांच के लिए विदेश यात्रा पर गईं थीं। इस समय वह विदेश में ही हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ हैं। 90 वर्षीया मां को देखने के लिए सोनिया गांधी गत 23 अगस्त को ही इटली रवाना हुई थीं।

गौरतलब है कि सोनिया गांधी का जन्म इटली के एक छोटे से गांव लूसियाना में हुआ था। उनके पिता स्टेफिनो माइनो एक सिपाही थे, जिनका निधन 1983 में हो गया था। सोनिया गांधी की दो बहने हैं। वर्ष 1968 में सोनिया का विवाह राजीव गांधी से हुआ, जिसके बाद वह भारत में रहने लगीं। राजीव गांधी के साथ विवाह होने के 17 वर्षों बाद उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता स्वीकार की।

सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर रहने वालीं सोनिया गांधी को वर्ष 2004-2014 के बीच भारत की सबसे शक्तिशाली राजनेता के रूप में देखा जाता था। फिलहाल कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का स्वास्थ्य सही नहीं चल रहा है। ऐसे में पार्टी नए अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियां कर रही है। नए पूर्णकालिक अध्यक्ष के लिए आगामी 17 अक्टूबर को चुनाव होने हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पार्टी में हलचल तेज

हालांकि पार्टी के अंदर से ही नए पूर्णकालिक अध्यक्ष के लिए होने वाले चुनाव की प्रक्रिया पर आपत्ति भी उठने लगी है। कांग्रेस नेता और पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने मीडिया में बयान दिया था कि अध्यक्ष चुनाव निष्पक्ष तरीके से होगा। इस पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा है कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा की है न कि 28 पीसीसी और आठ टीसीसी के अध्यक्षों की। किसी को मतदाताओं की जानकारी जुटाने के लिए देशभर में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत क्यों है? यह तो क्लब के चुनाव में भी नहीं होता है। मनीष तिवारी ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाताओं की पूरी सूची को कांग्रेस की वेबसाइट पर प्रकाशित करने की मांग की है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code