Homeहिन्दीखेलराष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय उम्मीदों को झटका, चोटिल नीरज चोपड़ा बाहर

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय उम्मीदों को झटका, चोटिल नीरज चोपड़ा बाहर

नई दिल्ली, 26 जुलाई। बर्मिंघम में इसी हफ्ते 28 जुलाई से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय उम्मीदों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और पिछले हफ्ते विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर इतिहास रचने वाले स्टार भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा चोटिल हो गए।

भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने बताया, ‘नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हिस्सा नहीं लेंगे। विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप के फाइनल में चोटिल होने के कारण वह फिट नहीं हैं। उन्होंने हमें इस बारे में सूचित किया है।’

विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में चोटिल हुए थे नीरज चोपड़ा

सूत्रों के अनुसार नीरज चोपड़ा को यह चोट विश्व चैंपियनशिप के फाइनल के दौरान ही लगी थी। फाइनल के दौरान छह प्रयासों में उन्होंने तीन फाउल भी किए थे। हालांकि चौथे प्रयास में 88.13 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप के साथ वह रजत पदक जीतने में सफल रहे थे। राष्ट्रमंडल खेलों में भी नीरज चोपड़ा से भारतीय फैंस को पदक की उम्मीद थी।

नीरज ने यूजीन में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेडल जीतने के बाद कहा था, ‘चौथे थ्रो के बाद, मुझे अपनी जांघ में थोड़ी परेशानी महसूस हुई, मैं इतना प्रयास करने में सक्षम नहीं था। यह मेरे दिमाग में था, लेकिन मैं सिर्फ यह सुनिश्चित करना चाहता था कि मैं थ्रो कर सकूं। उम्मीद है कि यह ठीक हो जाएगा। मुझे सुबह तक पता चल जाएगा कि यह कैसा लगता है या चिंता की कोई बात है।’

नीरज को है ग्रोइन इंजरी

वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद नीरज चोपड़ा का MRI स्कैन किया गया था। इसमें ग्रोइन इंजरी की बात सामने आई है। ऐसे में नीरज चोपड़ा को करीब एक महीने का आराम करने की सलाह दी गई है। राष्ट्रकुल खेलों में नीरज चोपड़ा की स्पर्धा पांच अगस्त को होनी था। इस स्पर्धा में अब भारत की उम्मीदें डीपी मनु और रोहित यादव से हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments