विहिप सहित हिन्दू संगठनों का दिल्ली की सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन, जंतर मंतर तक निकाला संकल्प मार्च

नई दिल्ली, 9 जुलाई। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) सहित  अन्य हिन्दू संगठनों ने फिल्म ‘काली’ के पोस्टर विवाद से लेकर राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल व अमरावती में उमेश की हत्याओं के विरोध में शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया और मंडी हाउस से बाराखंभा रोड से होकर जंतर मंतर तक संकल्प मार्च निकाला। इसे पुलिस प्रशासन ने सशर्त अनुमति दी थी।

गौरतलब है कि कन्नड़ फिल्म मेकर लीना मणिमेकलई भी लगातार विवादित ट्विट कर रही हैं। पहले उन्होंने एक पोस्टर में देवी काली को सिगरेट पीते दिखाया, फिर शिव-पार्वती के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट की और अब ताजे ट्विट में उन्होंने कहा कि उनकी काली तो हिन्दुत्व को ध्वस्त करने वाली हैं। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर विहिप सहित अन्य हिन्दू संगठनों ने यह व्यापक प्रदर्शन किया।

विहिप बोली देश संविधान से चलेगा, शरिया से नहीं

इस दौरान विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, ‘नूपुर शर्मा ने कुछ गलत नहीं कहा। हमने सुना है। यह देश संविधान से चलेगा, शरिया से नहीं चलेगा। सुप्रीम कोर्ट ने मर्यादा लांघी है।’

हिंदू संगठनों के लोग ‘संकल्प मार्च’ में तिरंगा लहराते चल रहे थे और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस मार्च में भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा और कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।

उत्तरी दिल्ली के पूर्व मेयर अवतार सिंह ने कहा, ‘इस ‘संकल्प मार्च’ के लिए आज कई हिन्दू समूह सड़कों पर हैं। हम यहां हिन्दुओं पर हमलों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आए हैं। उन्हें इस तरह से निशाना नहीं बनाया जा सकता और उनपर हमला नहीं किया जा सकता। हमें निशाना बनाने वालों पर काररवाई की जाए।’

मध्य दिल्ली में कई सड़कों पर दोपहर तक यातायात बंद था

संकल्प मार्च के कारण मध्य दिल्ली में कई सड़कों को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया था। साथ ही दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट भी जारी किया गया था। विशेष यातायात व्यवस्था के कारण पूर्वाह्न 8.30 बजे से दोपहर दो बजे के बीच इन सड़कों से यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular