निर्वाचन आयोग ने दी राहत : मतगणना के बाद विजय जुलूस निकालने पर लगा प्रतिबंध हटाया

नई दिल्ली, 10 मार्च। निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद विजय जुलूस निकालने पर लगा प्रतिबंध गुरुवार को हटा लिया।

आयोग ने एक बयान में कहा कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, वहां कोविड-19 महामारी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह फैसला किया गया है कि मतगणना के दौरान और बाद में विजय जुलूस निकालने से संबंधित दिशानिर्देशों में राहत दी जाए और विजय जुलूस निकालने पर लगा प्रतिबंध पूरी तरह हटा लिया जाए।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए निर्वाचन आयोग ने विजय जुलूस निकालने समेत चुनाव से जुड़े कई पहलुओं पर पाबंदी लगाई थी।

बयान में कहा गया है, ‘कोविड से जुड़े हालात में सुधार होने के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकारों के साथ विचार-विमर्श करते हुए चुनाव के संदर्भ में नियमों में धीरे-धीरे ढील दी है।’ आयोग ने कहा कि नियमों में ढील राज्य आपदा प्रबंधन संस्थाओं के दिशानिर्देशों और जिला प्रशासन द्वारा लागू एहतियाती कदमों से संबंधित होगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सहित पांच चुनावी राज्यों में गुरुवार को मतगणना जारी है और दोपहर तक के रुझानों के अनुसार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में सत्तारूढ़ भाजपा पूर्ण बहुमत के सहारे लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है जबकि गोवा में भी सत्तारूढ़ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और बहुमत के एकदम करीब है। वहीं पंजाब में अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) सत्ताधारी कांग्रेस सहित भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का चारों खाने चित करते हुए प्रचंड बहुमतक के साथ सरकार बनाने जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular