हिन्दू एकता महाकुम्भ में मोहन भागवत का आह्वान – ‘हिन्दू धर्म से गए लोगों की घर वापसी कराएं

चित्रकूट, 15 दिसंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहनराव भागवत ने कहा है कि कलयुग में एकता की शक्ति है, इसलिए हमें अहंकार, स्वार्थ छोड़कर काम करना पड़ेगा। बुधवार को यहां हिन्दू एकता महाकुम्भ को संबोधित करते हुए भागवत ने हिन्दू संस्कृति के संरक्षण और हिन्दू धर्म से गए लोगों की घरवापसी का आह्वान भी किया।

अब किसी भी हिन्दू को धर्म से विमुख नहीं होने दें

आरएसएस प्रमुख ने महाकुम्भ में मौजूद लोगों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि हिन्दू धर्म छोड़कर गए भाई-बहनों की घर वापसी कराएं और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बनाएं। साथ ही अब किसी भी हिन्दू को धर्म से विमुख नहीं होने दें। इस दौरान उन्होंने धर्माबलंबियों को हिन्दू बहनों की अस्मिता और सम्मान की रक्षा करने की भी प्रतिज्ञा दिलाई।

अयोध्या और काशी के बाद मथुरा की बारी

हिन्दू एकता महाकुंभ में जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज ने कहा, ‘हमने हिन्दुओं के हितों की शुरुआत कर दी है। A से अयोध्या, K से काशी के बाद अब M से मथुरा की बारी है।’ इस आयोजन में हिन्दुओं के साथ हो रहे अन्याय, मठ मंदिर की सुरक्षा, धर्मांतरण पर रोक, जनसंख्या नियंत्रण, राष्ट्रवाद और समान नागरिक संहिता, लव जिहाद, गोरक्षा, सामाजिक समरसता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष और प्रसिद्ध भोजपुरी गायक मनोज तिवारी भी हिन्दू एकता महाकुम्भ में शिरकत करने के लिए पहुंचे। उन्होंने हिन्दुत्व, राष्ट्रवाद और पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ में कई भजन गाए। इन भजनों के माध्यम से उन्होंने विपक्षियों पर भी जमकर हमला बोला  और महाकुंभ के मंच को चुनावी मंच बना दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular