भारत में कोरोना संकट : 5 राज्यों में 84 फीसदी सक्रिय मामले, लगातार दूसरे दिन 20 हजार से कम नए केस

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। कोविड-19 महामारी का दायरा देश में लगातार कम हो रहा है और इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि 22 राज्यों में सक्रिय मामलों की संख्या एक हजार से कम रह गई है जबकि नौ राज्यों में एक हजार से ऊपर और 10 हजार से कम एक्टिव केस हैं। फिलहाल देश के 84 फीसदी एक्टिव केस कुल पांच राज्यों में मौजूद हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी साझा की।

केरल में सबसे ज्यादा 1.25 लाख इलाजरत मरीज

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार तक देश में कुल 2,46,687 कोरोना संक्रमित थे, जिनका देश के विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा था। यह संख्या पिछले 203 दिनों में सबसे कम है। फिलहाल कुल एक्टिव मामलों में अकेले 1,25,030 मरीज दक्षिणी राज्य केरल में थे, जहां लगातार दूसरे दिन 10 हजार से कम 9,735 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई।

महाराष्ट्र, तमिलनाडु, मिजोरम और कर्नाटक में भी 10 हजार से ज्यादा एक्ट्व केस

केरल के बाद महाराष्ट्र (36,744), तमिलनाडु (16,749), मिजोरम (16,055) और कर्नाटक (11,955) हैं, जहां 10 हजार से ज्यादा कोरोना मरीजों का इलाज जारी है। इन पांचों राज्यों में मौजूद एक्टिव केस देशभर के कुल सक्रिय मामलों के 83.72 फीसदी हैं।

रिकवरी रेट 97.94 फीसदी, एक्टिव रेट 0.73 प्रतिशत

मंत्रालय के अनुसार देश में लगातार दूसरे दिन 20 हजार से कम 18,833 नए मामले सामने आए तो 278 लोगों की मौत हुई जबकि 24,770 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। मौजूदा रिकवरी रेट 97.94 फीसदी है, जो कोरोना संक्रमण की शुरुआत यानी मार्च, 2020 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर है। इसके विपरीत एक्टिव रेट उसी अवधि से 0.73 फीसदी के न्यूनतम स्तर पर है।

टीकाकरण का आंकड़ा 92 करोड़ के पार

इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 263 दिनों में अब तक 92.17 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है जबकि पांच अक्टूबर तक कुल 57.68 करोड़ लोगों के सैम्पल की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 5 अक्टूबर, 2021 के कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 18,833

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 24,770

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 278

अब तक कुल संक्रमित : 3,38,71,881

अब तक कुल स्वस्थ : 3,31,75,656

रिकवरी दर : 97.94%

अब तक कुल मौतें : 4,49,538

मृत्यु दर : 1.33%

इलाजरत मरीज : 2,46,687 (दैनिक गिरावट 6,215)        

सक्रियता दर : 0.73%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 59,48,360

263 दिनों में कुल टीकाकरण  : 92,17,65,405

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 14,09,825

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 57,68,03,867.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular