Homeहिन्दीखेलओवल टेस्ट : भारत की इंग्लैंड पर 157 रनों से शानदार जीत,...

ओवल टेस्ट : भारत की इंग्लैंड पर 157 रनों से शानदार जीत, सीरीज में अजेय बढ़त

लंदन, 6 सितम्बर। ‘मैन ऑफ द मैच’ शतकवीर रोहित शर्मा की अगुआई में बल्लेबाजों ने यदि दूसरी पारी में भारत को लड़ने लायक स्कोर दिया तो जरूरत के वक्त गेंदबाज भी अग्नि परीक्षा में खरे उतरे और टीम इंडिया ने यहां केनिंगटन ओवल में इग्लैंड को चतुर्थ टेस्ट में 157 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में कोहली एंड कम्पनी ने 2-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का पांचवां व अंतिम टेस्ट मैनचेस्टर में 10 सितम्बर से खेला जाएगा।

368 रनों के लक्ष्य के समक्ष अंग्रेज 210 रनों पर सिमटे

इंग्लैंड ने 368 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के सामने पांचवें व अंतिम दिन सोमवार को सुबह 0-77 से पारी आगे बढ़ाई तो ओपनरद्वय हसीब हमीद 43 व रोरी बर्न्स 31 रन बनाकर क्रीज में उपस्थित थे और उसे जीत के लिए दिनभर में  291 रनों की दरकार थी।

लेकिन शार्दूल ठाकुर ने 41वें ओवर में 100 के कुल योग पर रोरी बर्न्स (50 रन, पांच चौके) को ऋषभ पंत से कैच करा यह भागीदारी क्या तोड़ी कि लाइन ही लग गई। इस क्रम में 110 रनों के अंतराल पर सभी 10 बल्लेबाज लौट गए और चाय के तनिक बाद पूरी इंग्लिश टीम 92.2 ओवरों में 210 पर सीमित हो गई।

ओवल ग्राउंड पर भारत को 50 वर्षों बाद मिली जीत

ओवल ग्राउंड की बात करें तो यहां भारत की 14 प्रयासों में यह सिर्फ दूसरी जीत रही। 50 वर्ष पूर्व 1971 में अजित वाडेकर की अगुआई में भारतीय टीम ने इस मैदान पर पहली जीत दर्ज की थी। तब उसने चार विकेट के शेष रहते चौथी पारी में 173 रनों का विजय लक्ष्य हासिल किया था।

भारतीय गेंदबाजों का जहां तक सवाल है तो मो. सिराज को छोड़ सभी ने विकेट लिए। इनमें सीरीज का पहला मैच खेल रहे उमेश यादव ने 60 रन खर्च कर अंतिम तीन विकेट लेकर इंग्लिश पारी समेटी तो शार्दूल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने क्रमशः 22, 27 व 50 रन देकर आपस में छह विकेट बांटे। इसी क्रम में बुमराह भारत की ओर से सबसे कम 24 टेस्ट मैचों में 100 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने पूर्व कप्तान कपिल देव को पीछे छोड़ा।

इंग्लैंड टीम के सर्वोच्च स्कोरर हमीद (63 रन, छह चौके) रहे, जो 120 के योग पर जडेजा की गेंद पर दूसरे विकेट के रूप में बोल्ड हुए। दोनों ओपनरों के बाद कप्तान जो रूट (36 रन, तीन चौके) ही 30 के ऊपर पहुंच सके।

संक्षिप्त स्कोर : भारत 199 व 466 रन, इंग्लैंड 290 व 210 रन।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments