Homeहिन्दीमहत्वपूर्ण कहानियांउत्तर प्रदेश सरकार का फैसला : टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक...

उत्तर प्रदेश सरकार का फैसला : टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को मिलेंगे 6 करोड़ रुपये

लखनऊ, 23 जून। उत्तर प्रदेश सरकार ने अगले माह जापानी राजधानी टोक्यो में शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों के निमित्त राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़ी पुरस्कार राशि की घोषणा की है। इसके तहत राज्य का कोई खिलाड़ी यदि इन खेलों में स्वर्ण पदक जीतता है तो उसे पुरस्कार के तौर पर छह करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

ओलम्पिक में भागीदारी पर ही प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख

उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक राम प्रकाश सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यूपी सरकार ओलम्पिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख रुपये देगी। अब तक टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारतीय टीम में यूपी के आठ खिलाड़ियों का चयन हुआ है और यह संख्या बढ़ने की संभावना है।

गुजरे वर्षों में राष्ट्रीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके आर.पी. सिंह ने बताया कि खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर यूपी के खिलाड़ी को छह करोड़, रजत पदक पर चार करोड़ और कांस्य पदक पर दो करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर तीन करोड़, रजत पर दो करोड़ और कांस्य पदक पर एक करोड़ रुपये हर खिलाड़ी को दिए जाएंगे।

आर.पी. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा देने के लिए अग्रसर है। यही वजह है कि यूपी देश का एकलौता ऐसा राज्य है, जहां 19 जनपदों में 16 खेलों के 44 हॉस्टल संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मौजूदा समय प्रदेश में तीन स्पोर्ट्स कॉलेज चल रहे हैं, जहां पर खिलाड़ियों की पढ़ाई, रहने और खाने का पूरा खर्चा सरकार उठाती है। खेल को और बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में सहारनपुर, फतेहपुर और बलिया में तीन और स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है।

खेल निदेशक ने यह भी दावा किया कि जितनी सुविधाएं यूपी में खिलाड़ियों को मिल रही हैं, उतनी किसी और प्रदेश में नहीं मिलतीं। ऐसे में राज्य के खिलाड़ी ओलम्पिक खेलों में झंडा जरूर गाड़ेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments