1. Home
  2. हिन्दी
  3. महत्वपूर्ण
  4. कहानियां
  5. कोरोना संकट : कर्नाटक, केरल सहित देश के तीन दक्षिणी राज्यों की हालत ज्यादा खराब

कोरोना संकट : कर्नाटक, केरल सहित देश के तीन दक्षिणी राज्यों की हालत ज्यादा खराब

0
Social Share

नई दिल्ली, 13 मई। वैसे तो देश के लगभग सभी राज्य व केंद्रशासित प्रदेश भयावह कोरोना महामारी की दूसरी लहर से बचाव में जुटे हुए हैं, लेकिन कर्नाटक व केरल सहित तीन दक्षिण राज्यों की हालत ज्यादा खराब है। इनमें तमिलनाडु भी शामिल है, जहां हाल ही में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं। हालांकि आंध्र प्रदेश व तेलंगाना में स्थिति तनिक सुधरी है। फिलहाल इन सभी राज्यों में कहीं आंशिक तो कहीं पूर्ण लॉकडाउन जारी है।

  • कर्नाटक में 5.92 लाख से ज्यादा एक्टिव केस

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार सक्रिय मामलों के लिहाज से कर्नाटक सबसे आगे है, जहां कुल 5,92,202 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस राज्य में 24 घंटे के अंदर 39,998 नए केस दर्ज किए गए और 516 मरीजों की मौत हुई जबकि 34,752 लोग स्वस्थ हुए।

  • केरल में 24 घंटे के भीतर 43 हजार से अधिक नए केस

वहीं केरल में जांच के दौरान बुधवार को कुल 43,529 नए संक्रमित मिले और 95 लोगों की मौत हुई। इसके सापेक्ष 34,600 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। राज्य में कुल सक्रिय मामले 4,33,143 हैं।

  • तमिलनाडु में 293 लोगों की मौत

कुल संक्रमितों के लिहाज से देश में महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल व उत्तर प्रदेश के बाद पांचवें स्थान पर चल रहे तमिलनाडु में संप्रति 1,72,735 एक्टिव केस हैं। राज्य में 24 घंटे के भीतर 30,355 नए केस मिले तो 293 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 19,508 लोग स्वस्थ हुए।

  • आंध्र प्रदेश व तेलंगाना की स्थिति तनिक बेहतर

कर्नाटक, केरल व तमिलनाडु से हटकर आंध्र प्रदेश और सात वर्ष पूर्व उसे काटकर बनाए गए तेलंगाना राज्य में स्थिति थोड़ी बेहतर है। आंध्र प्रदेश में बुधवार को कुल 21,452 नए संक्रमित मिले तो 89 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 19,095 लोग स्वस्थ हुए। हालांकि राज्य में अब भी तमिलनाडु से ज्यादा कुल 1,97,370 एक्टिव केस हैं।

  • तेलंगाना में कम हुए एक्टिव मामले

बीते बुधवार से 10 दिनों के पूर्ण लॉकडाउन के घेरे में आ चुका तेलंगाना दक्षिण का इकलौता राज्य रहा, जहां 24 घंटे के भीतर एक्टिव मामलों में कमी दिखी। दिनभर में 4,723 नए केस मिले तो 31 मरीजों की मौत के बीच कुल 5,695 लोग स्वस्थ हुए। राज्य स्वास्थ विभाग के अनुसार कुल 59,133 लोगों का अब भी इलाज चल रहा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code