भारत में कोरोना संकट : 24 घंटे के दौरान 2.71 लाख नए संक्रमित, एक्टिव मामलों की संख्या 15.50 लाख के पार

नई दिल्ली, 16 जनवरी। कोरोना महामारी की तीसरी लहर की मार झेल रहे भारत में 24 घंटे के दौरान 2,71,202 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। हालांकि दैनिक संक्रमण दर में एक दिन पहले के मुकाबले मामूली कमी रही, फिर भी यह 16.28 प्रतिशत है। नए संक्रमितों के सापेक्ष 1,38,331 मरीज स्वस्थ हुए तो दिनभर में 225 मौतें हुईं। लेकिन केरल का 89 बैकलॉग जोड़कर कुल 314 मौतें दर्शाई गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को पूर्वाह्न जारी नई बुलेटिन में यह जानकारी दी।

देश में अब तक 3.71 करोड़ से ज्यादा संक्रमितों की पुष्टि

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में लगभग दो वर्ष पूर्व कोरोना की शुरुआत के बाद से शनिवार की रात तक 3.71 करोड़ से ज्यादा कुल 3,71,22,164 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की जा चुकी थी जबकि 54.51 फीसदी की दर से 3.50 करोड़ से ज्यादा कुल 3,50,85,721 लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। हालांकि अब तक 4.86 लाख से ज्यादा कुल 4,86,066 लोगों की इस महामारी से मौत भी हो चुकी है। यद्यपि तीसरी लहर के दौरान मृत्य दर में गिरावट देखने को मिली है और मौजूदा दर 1.31 फीसदी है।

दिनभर में बढ़े 1.32 लाख इलाजरत मरीज

मंत्रालय के आंकड़ों पर गौर करें तो 24 घंटे के भीतर इलाजरत मरीजों की संख्या में 1,32,557 की वृद्धि दर्ज की गई। इसके साथ ही देश में शनिवार की रात तक 4.18 फीसदी की दर से 15,50,377 कोरोना मरीज थे, जिनका विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।

कोरोना से प्रभावित शीर्ष 5 राज्य

महाराष्ट्र एक्टिव केस 2,68,190   नए केस 46,205  

कर्नाटक – एक्टिव केस 1,69,879    नए केस 32,793

प.बंगाल – एक्टिव केस 1,55,376   नए केस 19,064 

तमिलनाडु – एक्टिव केस 1,31,007   नए केस 23,989     

उत्तर प्रदेश एक्टिव केस 95,148   नए केस 24,383  

इन पांच राज्यों के अलावा दिल्ली (93,407), केरल (91,353) गुजरात (59,564), ओडिशा (58,642) व राजस्थान (58,428) व में भी शनिवार रात तक इलाजरत मरीजों की संख्या 50 हजार से ज्यादा थी।

ओमिक्रॉन के अब तक 7,743 पुष्ट मामले

कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट की बात करें तो देश में अब तक 7,743 ओमिक्रॉन के मामले सामने आ चुके हैं। इनमें बीते 24 घंटे के दौरान 28.17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ऐसे 1,702 नए केस आए। ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा 1,730 केस महाराष्ट्र में हैं, जिनमें लगभग आधे यानी 879 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं।

राष्ट्रव्यापी टीकाकरण का विस्तृत विवरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के एक वर्ष यानी 365 दिन पूरे होने तक 156 करोड़ से ज्यादा 1,56,76,15,454 लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। इनमें शनिवार को टीकाकरण का लाभ लेने वाले 66,21,395 लोग भी शामिल हैं। इसी क्रम में अब तक 70.24 करोड़ से ज्यादा लोगों की कोविड जांच की जा चुकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular