तालिबान के साथ भीषण झड़प में 12 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत, अफगानी सेना ने बॉर्डर की कई चौकियों पर किया कब्जा
काबुल/इस्लामाबाद, 11 अक्टूबर। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी के भारत दौरे के बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस क्रम में तालिबान के साथ भीषण झड़प में 12 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत की खबर सामने आई है जबकि अफगानी सेना ने पाकिस्तान की अफगान सीमा से लगी कई चौकियों पर कब्जा कर लिया है। हालांकि पाकिस्तान ने इस पर आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
अफगान सेना ने पाकिस्तान के हवाई हमले का दिया जवाब
दरअसल, पाकिस्तान ने गत नौ अक्टूबर को अफगानिस्तान के काबुल, खोस्त, जलालाबाद और पक्तिका में टीटीपी चीफ नूर वली मेहसूद को निशाना बनाकर कई हवाई हमले किए थे। अफगानिस्तान ने इन पाकिस्तानी हवाई हमलों का जवाब दिया है। नए घटनाक्रम में अफगानिस्तान के 201 खालिद बिन वलीद आर्मी कोर ने शनिवार की देर रात नंगरहर और कुनार प्रांतों में डुरंड लाइन के पास पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर हमले शुरू कर दिए।
منابع: پنج نظامی پاکستانی در آن سوی خط فرضی کشته شدند
منابع به طلوعنیوز تایید کردند که در نتیجه درگيری میان نیروهای امارت اسلامی افعانستان و پاکستان، تاکنون پنج نظامی پاکستانی کشته و دو نفر دیگر زخمی شدهاند.#طلوعنیوز pic.twitter.com/fujJ3Lmxi1
— TOLOnews (@TOLOnews) October 11, 2025
अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने टोलो न्यूज को बताया कि इस्लामिक एमिरेट्स ऑफ अफगानिस्तान की सेनाओं ने कई पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा कर लिया है, जबकि कुनार और हेलमंद प्रांतों में अफगान सीमा पर एक-एक पाकिस्तानी चौकी को नष्ट कर दिया गया है। स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार, पक्तिया प्रांत के आरयूब जाजी जिले में अफगान सीमा बलों और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच आज सुबह से झड़पें जारी हैं, जो देर रात तक जारी रहीं।
12 पाक सैनिकों की मौत का दावा, 5 सैनिकों के आत्मसमर्पण की खबर
सुरक्षा सूत्रों ने TOLOnews को बताया कि अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच हुई झड़प में 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि इन झड़पों में अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात की सेनाओं के हाथों में एक मील का क्षेत्र भी आ गया है। सूत्रों ने प्रसिद्ध कंधार जिले में पांच पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा इस्लामिक अमीरात की सेनाओं के सामने आत्मसमर्पण करने की भी जानकारी दी है।
منابع امنیتی: ١٢ نیروی پاکستانی در ولسوالی بهرامچه هلمند کشته شدند
منابع امنیتی به طلوعنیوز میگویند که در درگیری امشب میان نیروهای امارت اسلامی افعانستان و پاکستان، ۱۲ نیروی پاکستانی کشته شدهاند.
منابع می افزایند که در این درگیریها، یک میل دهشکه نیز بدست نیروهای امارت… pic.twitter.com/ge9mfWztz8
— TOLOnews (@TOLOnews) October 11, 2025
सूत्रों का कहना है कि आमने-सामने की लड़ाई में पाकिस्तानी सेना को काफी नुकसान हुआ है। उसकी मिलिट्री फेसिलिटी को भी काफी नुकसान पहुंचा है। अफगान सैनिकों ने पाकिस्तानी सैनिकों के हथियार भी छीन लिए। लड़ाई स्पिना शागा, गीवी, मणि जाभा और अन्य क्षेत्रों में केंद्रित है, जहां हल्के और भारी हथियारों का इस्तेमाल हो रहा है।
अपने क्षेत्र की रक्षा करना हमारा अधिकार है – तालिबानी रक्षा मंत्रालय
इस बीच तालिबान शासन के रक्षा मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया, डूरंड लाइन के पास पक्तिका के मार्गी इलाके में एक बाजार पर बमबारी की और काबुल के संप्रभु क्षेत्र का भी उल्लंघन किया। यह एक अभूतपूर्व, हिंसक और भड़काऊ कृत्य है। हम अफगान हवाई क्षेत्र के इस उल्लंघन की कड़ी निंदा करते हैं। अपने क्षेत्र की रक्षा करना हमारा अधिकार है।’
अफगान विदेश मंत्री मुत्तकी नई दिल्लीमें बोले – ‘अफगानों के साहस की परीक्षा नहीं ली जानी चाहिए’
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने अफगानी क्षेत्रों में ये हवाई हमले ऐसे समय में किए, जब तालिबान शासन के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी सात दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचे हैं। पत्रकारों द्वारा पाकिस्तान के इस हवाई हमले के बारे में पूछे जानें पर मुत्तकी ने कहा, ‘अफगानों के साहस की परीक्षा नहीं ली जानी चाहिए। हम भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं, लेकिन यह एकतरफा नहीं हो सकता। यदि कोई अफगानों के साहस की परीक्षा लेना चाहता है तो उसे पूर्व सोवियत संघ, अमेरिका और नाटो से पूछना चाहिए ताकि वे समझा सकें कि अफगानिस्तान के साथ ये खेल खेलना ठीक नहीं है।’
