लखनऊ, 16 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित ‘कॉफी टेबल बुक’ का सोमवार को विमोचन किया। यह किताब विभिन्न मुद्दों पर आम लोगों को लिखे गए उनके पत्रों का संग्रह है।
उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासियों के साथ संवाद की आत्मीय और अनूठी यात्रा के स्वर्णिम 50 सप्ताह के उपलक्ष्य में प्रकाशित ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का आज लखनऊ में विमोचन किया। साथ ही, संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी हुआ।
हमने इस पाती के माध्यम से युवाओं, नारी शक्ति तथा अन्नदाता किसानों से लेकर श्रमिकों तक, समाज के हर उस तबके को स्पर्श करने का प्रयास किया है, जो इस व्यवस्था का किसी न किसी रूप में महत्वपूर्ण हिस्सा है।
‘योगी की पाती’ को प्रमुखता से स्थान देने हेतु विभिन्न समाचार पत्रों, डिजिटल न्यूज चैनलों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 16, 2026
‘वनटांगिया गांव में बच्चों का स्कूल बनवाने पर पूर्ववर्ती सरकार ने मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था’
सीएम योगी ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर पुस्तक के विमोचन के दौरान वनटांगिया समुदाय की समस्याओं, सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति और राज्य में ‘इंसेफेलाइटिस’ (मस्तिष्क ज्वर) से होने वाली मौतों सहित कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि गोरखपुर के वनटांगिया गांव में बच्चों को पढ़ाने के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्कूल बनवाए जाने पर पूर्ववर्ती सरकार ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
वनटांगिया समाज को आज नागरिक अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय वनटांगिया समाज बुनियादी सुविधाओं से वंचित था, लेकिन आज इन परिवारों को नागरिक अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल पत्र या सरकारी सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से आत्मीय संवाद का जरिया है। ‘योगी की पाती’ के जरिये युवाओं, छात्रों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों से जुड़े ऐसे मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिनकी जानकारी आम लोगों तक अक्सर नहीं पहुंच पाती।
‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक के विमोचन एवं संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी के वर्चुअल उद्घाटन हेतु लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में…
https://t.co/5PbjapnOpt
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 16, 2026
सीएम योगी ने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान और आजादी के बाद भी लंबे समय तक वनटांगिया समुदाय की उपेक्षा की गई तथा गोरखपुर के वनटांगिया गांवों में बच्चों की पढ़ाई की कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने बताया कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से वन विभाग के एक शेड की रंगाई-पुताई कराकर बच्चों के लिए स्कूल शुरू कराया गया था, लेकिन इसके लिए पूर्ववर्ती सरकार और वन विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने वनटांगिया परिवारों को उनके अधिकार दिलाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और वर्ष 2007-08 में केंद्र सरकार से वन अधिकार कानून में संशोधन कराया, लेकिन उत्तर प्रदेश में 2017 तक इस कानून को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में राज्य में उनकी सरकार बनने के बाद वनटांगिया समुदाय की 54 बस्तियों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया और वहां रहने वाले हजारों परिवारों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने कहा कि इसी तरह मुसहर, थारू, चेरो, गौड़ और कोल जैसी अति पिछड़ी जातियों को भी मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
पिछली सरकारों पर लगाया संवेदनहीनता का आरोप
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले जुलाई से नवंबर के बीच ‘इंसेफेलाइटिस’ के हजारों मामले सामने आते थे और सैकड़ों बच्चों की मौत हो जाती थी। उन्होंने कहा कि उस समय अस्पतालों में न तो बिजली और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था थी और न ही बच्चों के लिए जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध थे। योगी ने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में ‘इंसेफेलाइटिस’ पूरी तरह समाप्त हो गया है और बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत 96 फीसदी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध
वहीं, शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल बंद होने के कगार पर थे और संसाधनों के अभाव में 60 से 70 प्रतिशत बच्चे (विशेषकर लड़कियां) नंगे पैर स्कूल जाने को मजबूर थे। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत जनभागीदारी से 96 फीसदी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के 1.60 करोड़ बच्चों को स्कूली वर्दी, बैग, किताबें और जूते-मोजे उपलब्ध कराने के लिए उनके अभिभावकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता राशि भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अटल आवासीय विद्यालय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।
आम नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद का माध्यम है ‘योगी की पाती’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने ‘योगी की पाती’ को आम नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद का माध्यम बताते हुए कहा कि इसके जरिये उन लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिनकी समस्याएं और जरूरतें अक्सर सार्वजनिक चर्चा से बाहर रह जाती हैं।
‘संवाद यात्रा’ पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘संवाद यात्रा’ पर आधारित प्रदर्शनी का वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर ‘योगी की पाती’ पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इससे पहले अपर मुख्य सचिव (सूचना) ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया था।


