1. Home
  2. कारोबार
  3. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 84000 अंक के पार, निफ्टी 174 अंक मजबूत
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 84000 अंक के पार, निफ्टी 174 अंक मजबूत

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 84000 अंक के पार, निफ्टी 174 अंक मजबूत

0
Social Share

मुंबई, 9 फरवरी। भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा से उत्साहित भारतीय शेयर बाजार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं व रियल्टी शेयरों में जोरदार लिवाली से समर्थन मिला। इस क्रम में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को प्रमुख शेयर सूचकांकों में अच्छी बढ़त देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 485 अंकों की उछाल से जहां 84,000 के पार पहुंच गया वहीं एनएसई निफ्टी भी 174 अंकों की मजबूती से 25,850 के ऊपर जाकर ठहरा।

सेंसेक्स 485.35 अंक बढ़कर 84,065.75 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 485.35 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 84,065.75 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 734.28 अंक तक चढ़कर 84,314.68 अंक के उच्चस्तर पर पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयरों ने मजबूती पकड़ी तो आठ में कमजोरी रही।

निफ्टी 0.68 प्रतिशत बढ़कर 25,867.30 अंक पर बंद

दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 173.60 अंक या 0.68 प्रतिशत बढ़कर 25,867.30 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सूचकांक 228.55 अंकों की तेजी के साथ एक वक्त 25,922.25 अंक के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 36 के शेयर लाभ में रहे तो 14 में नुकसान देखने को मिला।

स्टेट बैंक के स्टॉक सबसे ज्यादा 7.46 फीसदी मजबूत

सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में भारतीय स्टेट बैंक के स्टॉक सबसे ज्यादा 7.46 फीसदी मजबूत हुए। टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, इटरनल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, सन फार्मास्युटिकल्स और एशियन पेंट्स में भी उल्लेखनीय तेजी रही। वहीं पावरग्रिड, एनटीपीसी, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे।

एफआईआई ने 1,950.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,950.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.81 प्रतिशत टूटकर 67.52 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code