दिल्ली की हवा में सुधार, AQI 191 पर; उत्तर भारत में ठंड का असर जारी

नई दिल्ली, 25 जनवरी। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है और आज शनिवार सुबह यह “मध्यम” श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक सुबह 8 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 191 दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार सुबह 7 बजे AQI 207 पर “खराब” श्रेणी में था।

गौरतलब है कि AQI का पैमाना 0 से 500 तक होता है। इसमें 0-50 को “अच्छा”, 51-100 को “संतोषजनक”, 101-200 को “मध्यम”, 201-300 को “खराब”, 301-400 को “बहुत खराब” और 401-500 को “गंभीर” श्रेणी में रखा जाता है। वहीं दिल्ली में आज सुबह तापमान में भी हल्की गिरावट देखी गई।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सुबह 8:30 बजे दिल्ली का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी के कई हिस्सों में हल्का कोहरा भी देखा गया। आईएमडी ने आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए बेघर लोग दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) द्वारा लगाए गए 235 टेंट में शरण ले रहे हैं।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान संगम में श्रद्धालुओं ने ठंड के बावजूद आस्था की डबकी लगाई। उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी सर्दी का असर देखने को मिला। ओडिशा के भुवनेश्वर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा जबकि कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में सुबह 8:30 बजे तापमान -2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत में ठंड और कोहरे के कारण लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचने के उपाय करने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular