1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : रनों की बरसात के बीच SRH पर बीस छूटा PBKS, कप्तान श्रेयस अय्यर ने खेली मैच जिताऊ पारी
आईपीएल-19 : रनों की बरसात के बीच SRH पर बीस छूटा PBKS, कप्तान श्रेयस अय्यर ने खेली मैच जिताऊ पारी

आईपीएल-19 : रनों की बरसात के बीच SRH पर बीस छूटा PBKS, कप्तान श्रेयस अय्यर ने खेली मैच जिताऊ पारी

0
Social Share

न्यू चंडीगढ़, 11 अप्रैल। कुछ मैचों को अपवादस्वरूप छोड़ दें तो टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में गेंदबाजों की दुर्दशा के बीच लगातार रनों की बारिश हो रही है। शनिवार को यहां महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भी कुछ ऐसा ही नजारा दिखा और प्रतिद्वंद्वी टीमों का कुल स्कोर 450 के पास पहुंच गया।

हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) बनाम पंजाब किंग्स (PBKS) द्वंद्व में मेजबान बीस छूटे और कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 69 रन, 33 गेंद, पांच छक्के, पांच चौके) की मैच जिताऊ पारी से सात गेंदों के शेष रहते यह मुकाबला छह विकेट से अपने नाम करने में सफल रहे।

अभिषेक के विस्फोटक पचासे से 219 रनों तक पहुंची थी हैदराबादी टीम

सिक्के की उछाल गंवाने वाले सनराइजर्स ने ओपनर अभिषेक शर्मा (74 रन, 28 गेंद, आठ छक्के, पांच चौके) के विस्फोट अर्धशतक और सलामी जोड़ीदार ट्रैविस हेड (38 रन, 23 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के साथ उनकी 120 रनों की विद्युतीय साझेदारी से छह विकेट पर 219 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

श्रेयस के अलावा प्रियांश व प्रभसिमरन ने भी ठोके अर्धशतक

लेकिन सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (57 रन, 20 गेंद, पांच छक्के, पांच चौके) व प्रभसिमरन सिंह (51 रन, 25 गेंद, चार छक्के, चार चौके) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली और पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवरों में चार विकेट पर 223 रन बनाने के साथ लक्ष्य हासिल कर लिया।

अजेय पंजाब किंग्स की 4 मैचों में तीसरी जीत

मौजूदा सत्र में राजस्थान रॉयल्स (RR) की भांति अब तक अपराजेय पंजाब किंग्स की चार मैचों यह तीसरी जीत थी और सात अंक लेकर वह राजस्थान (आठ अंक) के बाद दूसरे स्थान पर है। पंजाब को बारिश से धुले अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अंक बांटना पड़ा था। वहीं हैदराबादी टीम की चार मैचों में यह लगातार दूसरी पराजय है।

प्रियांश व प्रभसिमरन ने 38 गेंदों पर जड़ दिए 99 रन

कठिन लक्ष्य के सामने पंजाब किंग्स की पारी देखें तो प्रियांश व प्रभसिमरन ने जबर्दस्त प्रहारों से पॉवरप्ले में ही स्कोर 93 रनों तक पहुंचा दिया। हालांकि इसके बाद बाएं हाथ के कलाई स्पिनर शिवांग कुमार (3-33) ने सातवें ओवर में न सिर्फ प्रियांश को, जिन्होंने 16 गेंदों पर ही अर्धशतक पूरा किया था, लौटाकर 38 गेंदों पर हुई 99 रनों की भागीदारी तोड़ी वरन 29 रनों के भीतर दोनों ओपनरों के अलावा कूपर कोनोली (11) के रूप में तीन विकेट निकाल लिए।

अय्यर के नाम सत्र का लगातार दूसरा पचासा

फिलहाल श्रेयस अय्यर ने उतरते ही कमान संभाल ली और सिर्फ 24 गेंदों पर लगातार दूसरा पचासा जड़ने के साथ अपना दबदबा जारी रखा। इस क्रम में अय्यर ने नेहल वढेरा (14 रन, 14 गेंद, एक छक्का) संग सिर्फ 35 गेंदों पर 69 रन जोड़े और फिर शशांक सिंह (नाबाद 16 रन, नौ गेंद, एक छक्का, एक चौका) के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

सनराइजर्स ने पॉवरप्ले में 105 रनों का नया रिकॉर्ड बनाया

इसके पूर्व अभिषेक व हेड ने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए हैदराबाद की विस्फोटक अंदाज में शुरुआत की। इस क्रम में अभिषेक ने सिर्फ 18 गेंदों अपना पचासा पूरा किया। वहीं छह ओवरों के पॉवरप्ले में स्कोर बोर्ड पर 105 रन दर्ज हो चुके थे। इसके साथ ही आईपीएल पॉवरप्ले के दौरान बने सर्वोच्च रनों का एक दिन पुराना रिकॉर्ड (97 रन) भी टूट गया, जो शुक्रवार को आरसीबी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी व ध्रुव जुरेल की मौजूदगी में बना था।

अभिषेक व ट्रैविस हेड ने 50 गेंदों पर ठोके 120 रन

अंतत: शशांक सिंह (2-20) ने नौवें ओवर की पहली गेंद पर हेड को लौटाया तो सिर्फ 50 गेंदों पर 120 रनों की साझेदारी हो चुकी थी। शशांक ने इसी ओवर में अभिषेक को भी लौटा दिया। हालांकि इसके बाद कप्तान ईशान किशन (27 रन, 17 गेंद, एक छक्का, तीन चौके), हेनरिच क्लासेन (39 रन, 33 गेंद, एक छक्का, एक चौका) व अनिकेत वर्मा (18 रन, नौ गेंद, एक छक्का, एक चौका) की उपयोगी पारियों से टीम 220 रनों तक पहुंचने में सफल रही। लेकिन अंत में यह स्कोर भी नाकाफी साबित हुआ। शशांक के अलावा अर्शदीप सिंह ने दो विकेट के लिए 50 रन खर्च किए।

स्कोर कार्ड

रविवार के मैच : लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम गुजरात टाइटंस (लखनऊ, अपराह्न 3.30 बजे), मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code