ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन : सिंधु की अगुआई में महिला शटलर चमकीं, तन्वी ने किया बड़ा उलटफेर
सिडनी, 10 जून। पूर्व विश्व नंबर एक पीवी सिंधु की अगुआई में भारतीय महिला शटलरों ने बुधवार को यहां ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले चमकदार प्रदर्शन किया। इनमें तन्वी शर्मा ने तो बड़ा उलटफेर करते हुए पांचवीं सीड गिरा दी।
तीसरी सीड सिंधु व तन्वी के अलावा मालविका बंसोड, ईशारानी बरुआ और तान्या हेमंत ने भी राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। सिर्फ आकर्षि कश्यप को तीन गेमों के संघर्ष में पराजय झेलनी पड़ी। उधर पुरुष एकल में किरण जॉर्ज, थारुन मान्नेपल्ली और क्वालीफायर सनीथ दयानंद को भी पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।
सिंधु ने 32 मिनट में मैदान मारा, अब हमवतन ईशारानी से मुलाकात
दो बार की पूर्व विश्व चैम्पियन 30 वर्षीय सिंधु ने कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के छठे मैच में पेरू की इनेस लूसिया कास्टिलो सालाजार को सिर्फ 32 मिनट में 21-13, 21-11 से शिकस्त दी। विश्व रैंकिंग में 12वें नंबर पर काबिज सिंधु अब हमवतन ईशारानी से भिड़ेंगी। विश्व नंबर 39 ईशारानी ने 63 मिनट तक खिंचे संघर्ष में चीन की हान कियान को 22-20, 10-21, 21-14 से परास्त किया।
🏸 Australia Open Update 🇦🇺
Teen sensation Tanvi Sharma stuns World No. 11 to headline a strong Indian showing in the Round of 32! 🇮🇳
PV Sindhu, Malvika Bansod, Isharani Baruah, and Tanya Hemanth also cleared their opening-round hurdles to advance.
📸 @badmintonphoto pic.twitter.com/7xQCNasDQa
— BAI Media (@BAI_Media) June 10, 2026
तन्वी ने विश्व नंबर 11 च्यु पिन चियान को चौंकाया
इस बीच दिन का सबसे बड़ा उलटफेर कोर्ट नंबर दो पर देखने को मिला, जब 17 वर्षीय तन्वी ने दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपे की च्यु पिन चियान को 45 मिनट में 21-12, 22-20 से हरा दिया।
तन्वी का सामना अब मालविका से होगा
विश्व रैंकिंग में 36वें नंबर पर काबिज तन्वी की अब क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के लिए साथी खिलाड़ी मालविका से टक्कर होगी। विश्व नंबर 51 मालविका को कोर्ट नंबर दो पर ही 68 मिनट तक जूझना पड़ा और उन्होंने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए थाईलैंड की तोंरुंग सेहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से मात दी।
तान्या की आसान जीत, आकर्षि 75 मिनट के संघर्ष में हारीं
उधर विश्व रैंकिंग में 57वें नंबर की शटलर तान्या ने अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी इशिका जायसवाल को 39 मिनट में 21-17, 21-18 से हराया। वह अगले दौर में थाईलैंड की दूसरी वरीय और दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग से भिड़ेंगी। लेकिन विश्व रैंकिंग में 69वें क्रम की आकर्षि ने विश्व नंबर 34 मलेशियाई वोंग लिंग चिंग को 75 मिनट तक कड़ी चुनौती देने के बाद 19-21, 21-1920-22 से हार गईं।
किरण जॉर्ज को मलेशियाई जस्टिन हो ने तीन गेमों में शिकस्त दी
उधर पुरुष एकल में विश्व नंबर 50 किरण जॉर्ज ने कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के चौथे मैच में 62 मिनट तक कड़ा संघर्ष किया, लेकिन उन्हें मलेशियाई जस्टिन हो के खिलाफ 19-21, 21-14, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं क्वालीफाइंग राउंड के दो दौर पार कर मुख्य ड्रॉ में पहुंचे दयानंद भी चीन के हू झिआन के खिलाफ सिर्फ 35 मिनट में 8-21, 10-21 की हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
दूसरी सीड लिन चुन यी के खिलाफ उलटफेर करने से चूके थारुन मान्नेपल्ली
कोर्ट नंबर एक पर ही विश्व नंबर 45 थारुन दूसरे वरीय और दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपे के लिन चुन यी के खिलाफ उलटफेर करने के करीब पहुंच गए थे। लेकिन अंतत: उन्हें एक घंटा 20 मिनट तक खिंची कश्मकश के बाद 21-18, 13-21, 23-25 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
मिश्रित युगल में ध्रुव-मनीषा की जोड़ी जीती, मोहित-लक्षिता परास्त
उधर मिश्रित युगल में ध्रुव रावत व मनीषा के ने लिन जेडन व विक्टोरिया जोनाडी की ऑस्ट्रेलियाई टीम को 27 मिनट में 21-13, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। लेकिन मोहित जगलान व लक्षिता जगलान को हालांकि गुओ शिन वा व चेन फेंग हुइ की चीन की दूसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ सिर्फ 20 मिनट में 6-21, 5-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
