1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: दो दिन धूप के बाद उत्तर भारत में फिर से कोहरा और शीतलहर, तीन फरवरी से इन इलाकों में बारिश के आसार
Weather Update: दो दिन धूप के बाद उत्तर भारत में फिर से कोहरा और शीतलहर, तीन फरवरी से इन इलाकों में बारिश के आसार

Weather Update: दो दिन धूप के बाद उत्तर भारत में फिर से कोहरा और शीतलहर, तीन फरवरी से इन इलाकों में बारिश के आसार

0
Social Share

नई दिल्ली, 29 जनवरी। दो दिन धूप के बाद फिर कोहरा छाने से उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में बर्फीली ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा। खराब मौसम और घने कोहरे के चलते ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा और उड़ानों में भी देरी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी कम से कम दो से तीन दिन घना कोहरा और भीषण ठंड की स्थिति बनी रहेगी। तीन फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर वर्षा की भी संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि रविवार को पंजाब से लेकर बिहार और हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, ओडिशा, उत्तरी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के असम, नगालैंड और मणिपुर में घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में बर्फीली ठंड भी महसूस की गई। हालांकि, शुक्रवार और शनिवार को धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से राहत की उम्मीद बंधी थी, लेकिन अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। उत्तर भारत में 6-9 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 3-6 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। चंडीगढ़ में सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा।

  • हरियाणा और पंजाब में कई जगह पारा सामान्य से नीचे

पंजाब और हरियाणा को भी कड़ाके की ठंड से अभी राहत नहीं मिली है। दोनों राज्यों में कई जगह न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। पंजाब में 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ लुधियाना सबसे ठंडा बना रहा। गुरदासपुर में 6.2 डिग्री, पटियाला में 6.9 डिग्री और बठिंडा में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा में 5.6 डिग्री तापमान के साथ करनाल सबसे ठंडा रहा।  अंबाला में 6.6, भिवानी में 7.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

  • रोहतांग में हिमपात 31 को यलो अलर्ट

हिमाचल में रोहतांग दर्रे समेत ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। शिमला समेत कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 30 जनवरी से तीन फरवरी तक मैदानों में बारिश और मध्य एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान है।

31 जनवरी को मध्य एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के लिए यलो अलर्ट जारी हुआ है। पूर्वानुमान को देखते हुए प्रदेश में लंबे समय से चल रहा सूखा टूटने के आसार बन गए हैं। किसान-बागवान लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। गेहूं की बीजी फसल पीली पड़ गई है। सूखे के चलते प्रदेश में 30 फीसदी तक फसल बरबाद हो गई है। लाहौल में माइनस तापमान के चलते नदी-नालों में पानी जम रहा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code