1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. व्लादिमीर पुतिन ने किया जंग का एलान : यूक्रेन में घुसी रूसी सेना, राजधानी कीव में मिसाइल अटैक
व्लादिमीर पुतिन ने किया जंग का एलान : यूक्रेन में घुसी रूसी सेना, राजधानी कीव में मिसाइल अटैक

व्लादिमीर पुतिन ने किया जंग का एलान : यूक्रेन में घुसी रूसी सेना, राजधानी कीव में मिसाइल अटैक

0
Social Share

मॉस्को, 24 फरवरी। रूस ने यूक्रेन के साथ आखिरकार जंग की शुरुआत कर दी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से सैन्य काररवाई के एलान के बाद यूक्रेन में कई जगह धमाके सुनाई दिए तो राजधानी कीव पर क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला होने की जानकारी मिली है।

कीव से पहले गुरुवार सुबह ही होनेस्क में पांच धमाके हुए। डोनेस्क उन दो इलाकों में एक है, जिन्हें रूस ने नए देश के रूप में मान्यता दी है।

रूसी राष्ट्रपति ने कहा – हमले का लक्ष्य यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन-रूस के युद्ध को टाला नहीं जा सकता, इसलिए रूस स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन लॉन्च कर रहा है। इसका लक्ष्य यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है। पुतिन ने यूक्रेन की सेना को कहा है कि वह हथियार डालें और अपने घर जाएं।

धमकी भी दी – कोई इस मामले में दखल न दे, वरना अंजाम बुरा होगा

पुतिन ने इसके साथ ही यह भी धमकी दी है कि कोई इस मामले में दखल न दे, वरना अंजाम बुरा होगा। पुतिन ने कहा, ‘जो कोई भी हमारे साथ हस्तक्षेप करने की कोशिश करता है या हमारे लोगों के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश करता है, उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी, जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है।’

यूक्रेन खुद की रक्षा करेगा और जीतेगा – विदेश मंत्री

दूसरी तरफ यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि पुतिन ने पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू कर दिया है। शांतिपूर्ण यूक्रेन पर हमला हुआ है। यह आक्रामकता का युद्ध है। यूक्रेन इसमें खुद की रक्षा करेगा और जीतेगा।

यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू, कीव एयरपोर्ट खाली कराया गया

बिगड़ते हालातों के बीच यूक्रेन ने अपने यहां मार्शल लॉ लगा दिया है। इसके साथ ही कीव एयरपोर्ट को खाली करा लिया गया है। वहां मौजूद स्टाफ और यात्रियों को निकाल लिया गया है। फिलहाल वहां विदेश के तीन एयरक्राफ्ट मौजूद हैं, जिनको उड़ान भरनी थी। लेकिन वे टेक-ऑफ नहीं कर पाए थे।

एअर इंडिया की फ्लाइट भी लौट रही

इसी क्रम में एअर इंडिया की फ्लाइट AI1947 यूक्रेन के कीव में NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन) के कारण दिल्ली वापस आ रही है। यह स्पष्ट नहीं है कि विमानन कम्पनी यूक्रेन से और भारतीय नागरिकों को लाने के लिए अब विशेष उड़ान संचालित करेगी अथवा नहीं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code