1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. वयोवृद्ध भाजपा नेता और पूर्व सांसद जंगा रेड्डी का लंबी बीमारी के बाद हैदराबाद में निधन
वयोवृद्ध भाजपा नेता और पूर्व सांसद जंगा रेड्डी का लंबी बीमारी के बाद हैदराबाद में निधन

वयोवृद्ध भाजपा नेता और पूर्व सांसद जंगा रेड्डी का लंबी बीमारी के बाद हैदराबाद में निधन

0
Social Share

हैदराबाद, 5 फरवरी। वयोवृद्ध राजनीतिज्ञ, पूर्व सांसद और तेलंगाना से भाजपा के अग्रणी नेताओं में एक चंदूपटला जंगा रेड्डी का शनिवार की सुबह हैदराबाद में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे।

वर्ष 1935 में जन्मे जंगा रेड्डी ने जनसंघ के कार्यकर्ता के रूप में अपने सामाजिक जीवन की शुरुआत की थी। 1967 और 1984 के बीच उन्होंने तत्कालीन आंध्र प्रदेश विधानसभा में परकल और सयामपेट विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक के रूप में भी काम किया। पेशे से शिक्षक रहे जंगा रेड्डी ने पं. दीन दयाल उपाध्याय की विचारधारा का अनुसरण करते हुए समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में प्रमुख भूमिका निभाई थी।

लोकसभा चुनाव 1984 में पूर्व पीएम नरसिम्हराव को हराकर सुर्खियों में आए थे

वर्ष 1967 में अपना राजनीतिक जीवन शुरू करने वाले जंगा रेड्डी भाजपा के उन दो सांसदों में एक थे, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 के संसदीय चुनावों में कांग्रेस की लहर का मुकाबला करते हुए लोकसभा पहुंचे थे। पार्टी के टिकट पर जीत हासिल करने वाले दूसरे सदस्य मेहसाणा से अमृतलाल कालिदास पटेल थे, जो अब 91 वर्ष के हो चुके हैं। यह लोकसभा में भाजपा की शुरुआत भी थी। उस चुनाव का दिलचस्प तथ्य यह भी रहा कि जंगा रेड्डी ने हनुमाकोंडा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को शिकस्त देकर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं।

पीएम मोदी ने कहा – पार्टी के कठिन दौर में भाजपा की एक सशक्‍त आवाज बने रहे

इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जंगा रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में लिखा, ‘श्री सी. जंगा रेड्डी पार्टी के कठिन दौर में भाजपा की एक सशक्‍त आवाज बने रहे। उनके बेटे से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘श्री सी जंग रेड्डी गारू ने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। वह जनसंघ और भाजपा को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों का एक अभिन्न अंग थे। उन्होंने कई लोगों के दिल-दिमाग में जगह बनाई। उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को प्रेरित भी किया। उनके निधन से दुखी हूं।’

सीएम केसीआर सहित अन्य नेताओं ने व्यक्त की शोक संवेदना

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने भी जंगा रेड्डी के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बांदी संजय कुमार सहित अन्य नेताओं ने भी जंगा रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code