युवाओं को बड़ी सौगात, 6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां देगी योगी सरकार; 19 सितंबर से भर्ती की शुरुआत

गोरखपुर, 17 सितंबर। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है। भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। इनमें अकेले पुलिस और होमगार्ड विभाग में करीब 77 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी।

युवाओं को नौकरी की गारंटी- सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब युवाओं के लिए नौकरी की गारंटी है। उनके मुताबिक राज्य सरकार अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश में विकास की गति को भी आगे बढ़ा रही है।

पेंशन को लेकर भी सीएम की बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 1.10 करोड़ लाभार्थियों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन दी जा रही है। सीएम योगी ने कहा कि जल्द ही पेंशन की राशि बढ़ाने के साथ लाभार्थियों की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा।

गोरखपुर को 40 करोड़ की 119 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के वार्ड नंबर-53, उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर-दो में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर विकास प्राधिकरण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नगर निगम की करीब 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें नगर निगम की करीब 28.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 115 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी शामिल है।

300 लोगों की क्षमता वाला कल्याण मंडपम

करीब 3.09 करोड़ रुपये की लागत से 2,461 वर्गमीटर क्षेत्रफल में दो मंजिला कल्याण मंडपम का निर्माण किया गया है। इसमें एक साथ करीब 300 लोगों के आयोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। मंडपम में हाल, किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम, अलग-अलग शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। यहां मांगलिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम का निरीक्षण करने के बाद परिसर में मौलश्री का पौधा भी लगाया।

कानून-व्यवस्था को विकास के लिए बताया जरूरी

सीएम योगी ने कहा कि विकास और जनोपयोगी सुविधाओं के विस्तार के लिए कानून का राज और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, जिसके साथ प्रदेश में विकास की नई श्रृंखला आगे बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।

7 अक्टूबर से लगेंगे विशेष शिविर

मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी कारण से सरकारी योजना का लाभ नहीं ले पाया है तो उसे भी लाभ दिलाने के लिए 7 अक्टूबर से एक सप्ताह तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये विशेष शिविर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular