1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. यूपी बोर्ड का परिणाम घोषित : फिर बजा बेटियों का डंका, 10वीं में 90.42 और 12वीं में 80.38 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण
यूपी बोर्ड का परिणाम घोषित : फिर बजा बेटियों का डंका, 10वीं में 90.42 और 12वीं में 80.38 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण

यूपी बोर्ड का परिणाम घोषित : फिर बजा बेटियों का डंका, 10वीं में 90.42 और 12वीं में 80.38 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण

0
Social Share

प्रयागराज, 23 अप्रैल। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), प्रयागराज की ओर से गुरुवार को 10वीं और 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए। 52 लाख छात्र-छात्राओं की उपस्थिति वाली परीक्षाओं के निमित्त बोर्ड ने टॉपर्स की लिस्ट और पासिंग प्रतिशत के आंकड़े भी साझा किए हैं।

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने परीक्षा परिणाम जारी करते हुए बताया कि वर्ष 2026 की परीक्षाएं 8,033 केंद्रों पर 15 कार्य दिवसों में संपन्न हुईं। मूल्यांकन 254 केंद्रों पर निर्धारित समय में पूर्ण किया गया। हाईस्कूल का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42 तथा इंटरमीडिएट का 80.38 प्रतिशत रहा।

सीतापुर की कशिश व बाराबंकी की अंशिका हाईस्कूल में अव्वल

वहीं टॉपर्स की लिस्ट में फिर बेटियों का डंका बजा है।  हाईस्कूल टॉपर्स की सूची में सीतापुर के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज की कशिश वर्मा व बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। दोनों ने बराबर 97.83 प्रतिशत अंक हासिल किए।

शीर्ष 3 स्थानों में शामिल बाराबंकी के एक ही कॉलेज की 3 छात्राएं

दूसरे स्थान पर बाराबंकी की अदिति (97.50 प्रतिशत) रहीं जबकि संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं सीतापुर की अर्पिता, झांसी की ऋषभ साहू व बाराबंकी की परी वर्मा ने बराबर 97.33 प्रतिशत अंक हासिल किए। दिलचस्प यह है कि शीर्ष तीन में शामिल बाराबंकी की तीनों बालाएं एक ही स्कूल यानी द मॉडर्न अकादमी इंटर कॉलेज, जैदपुर की छात्राएं हैं।

इंटरमीडिएट में भी सीतापुर की ही शिखा वर्मा बनीं टॉपर

इंटरमीडिएट की बात करें तो सीतापुर के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज की ही शिखा वर्मा (97.60 प्रतिशत) प्रथम स्थान पर रहीं। बरेली की नंदनी गुप्ता व बाराबंकी की श्रिया वर्मा (बराबर 97.20 प्रतिशत) ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान पाया जबकि तीसरे स्थान पर ही संयुक्त रूप से रहीं दो छात्राओं – बरेली की सुरभि यादव व बाराबंकी की पूजा पाल ने बराबर 97.00 प्रतिशत अंक हासिल किए।

आधिकारिक वेबसाइटों व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी देख सकते हैं परिणाम

यूपी बोर्ड ने जानकारी दी है कि इच्छुक छात्र-छात्राएं आधिकारिक वेबसाइटों upmsp.edu.in और upresults.nic.in के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म DigiLocker और UMANG APP के माध्यम से भी अपने अंक देख सकते हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code