राज्यसभा चुनाव : 24 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन, NDA के खाते में 19 सीटें, 3 सीटों पर 18 जून को मतदान
नई दिल्ली, 12 जून। राज्यसभा की 27 रिक्त सीटों में से 24 पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं जबकि शेष तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। इन तीन सीटों में झारखंड की दो और मिजोरम की एक सीट शामिल है।
निर्विरोध चुनी गई 24 सीटों में महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की तीन उपचुनाव वाली सीटें भी शामिल हैं। भाजपा नीत एनडीए ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि विपक्षी दलों के खाते में पांच सीटें गईं। इनमें कांग्रेस ने कर्नाटक में तीन सीट निर्विरोध हासिल की हैं। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और मंसूर अली खान शामिल हैं।
गुजरात की सभी चार सीटें भाजपा ने जीतीं
गुजरात में भाजपा ने सभी चार सीटों पर जीत हासिल की। पार्टी के राजूभाई शुक्ला, मानसिंह परमार, मुकेशभाई राठवा और जितेंद्र कंजरिया निर्विरोध चुने गए। इसके साथ ही कांग्रेस की राज्यसभा में गुजरात से एकमात्र सीट भी समाप्त हो गई, जिस पर शक्ति सिंह गोहिल का प्रतिनिधित्व था।
राजस्थान में यथास्थिति कायम, एमपी में भाजपा ने जीतीं तीनों सीटें
राजस्थान में भाजपा प्रत्याशी अलका गुर्जर और सतीश पूनिया निर्विरोध निर्वाचित हुए जबकि कांग्रेस के नीरज डांगी ने अपनी सीट बरकरार रखी। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के जेम्स कॉनराड, अरुणाचल प्रदेश में भाजपा के ताई टागक और मणिपुर में ए. शारदा देवी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। मध्य प्रदेश में भाजपा ने तीनों सीटें जीती हैं। मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की उम्मीदवार थीं और उनका नामांकन रद होने के बाद तीसरी सीट पर विवाद हो गया था।
उपचुनावों में ओडिशा से भाजपा के देबाशीष सामंतराय, महाराष्ट्र से एनसीपी के राजेंद्र जैन और तमिलनाडु से कांग्रेस के प्रवीण चक्रवर्ती निर्विरोध निर्वाचित हुए। अब झारखंड और मिजोरम की तीन सीटों पर 18 जून को मतदान के बाद राज्यसभा की सभी रिक्त सीटों की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
