Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयसंयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस ने मुंबई आतंकी हमले में मारे गए लोगों...

संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस ने मुंबई आतंकी हमले में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि, कहा – आतंकवाद जायज नहीं

मुंबई, 19 अक्टूबर। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को बुधवार को यहां ताज होटल में 26/11 पीड़ितों के स्मारक संग्रहालय में श्रद्धांजलि दी। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मौजूत रहे।

एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, ‘आतंकवाद पूर्ण बुराई है। कोई कारण, बहाना, कारण, शिकायतें आतंकवाद को सही नहीं ठहरा सकतीं। आज की दुनिया में इसका कोई स्थान नहीं है। मैं यहां आकर बहुत भावुक हो गया हूं, जहां इतिहास में सबसे बर्बर आतंकवादी कृत्यों में एक हुआ और 166 लोगों ने अपनी जान गंवाई।’

आतंकी हमला और ताजमहल पैलेस होटल

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा पर बुधवार को तड़के मुंबई पहुंचे। गौरतलब है कि ताजमहल पैलेस होटल उन स्थानों में से एक था, जिन्हें 26 नवम्बर, 2008 को हुए भयानक आतंकवादी हमलों के दौरान निशाना बनाया गया था।

गुटेरेस जाएंगे गुजरात

गुटेरेस गुजरात के लिए रवाना होने से पहले आज दिन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मुंबई में “इंडिया @ 75 : यूएन-इंडिया पार्टनरशिप : स्ट्रेंथनिंग साउथ कोऑपरेशन’ विषय पर एक सार्वजनिक भाषण देंगे।

इसी वर्ष जनवरी में दूसरा कार्यकाल शुरू होने के बाद गुटेरेस की यह पहली भारत यात्रा है। उन्होंने इससे पहले अपने पिछले कार्यकाल के दौरान अक्टूबर, 2018 में देश का दौरा किया था। संयुक्त राष्ट्र महासचिव 20 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गुजरात के केवड़िया में ‘मिशन लाइफ’ (पर्यावरण के अनुसार जीवन शैली) से संबंधित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments