यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस को दी नसीहत – पहले की तरह यूक्रेन को समझने की भूल न करें पुतिन

कीव, 18 मार्च। रूस और यूक्रेन के बीच भीषण जंग के बीच यूक्रेन में रूसी सैनिक भारी तबाही मचा रहे हैं। बड़ी-बड़ी इमारतों, स्कूलों और अस्पतालों को भी निशाना बनाया जा रहा है। रूस और यूक्रेन दोनों एक दूसरे के सैन्य बलों को नुकसान पहुंचाने का दावा कर रहे हैं। यूक्रेन के कई शहरों में हालात धीरे-धीरे बदतर होते जा रहे हैं, लेकिन रूसी हमले का यूक्रेन के सैनिक भी अपने सैन्य शक्ति के हिसाब से सामना कर रहे हैं और वो युद्ध में डंटे हुए हैं।

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को नसीहत देते हुए कहा, ‘अब हम पहले से अलग हैं। पुतिन पहले की तरह यूक्रेन को आंकने की कोशिश न करें। हमारा देश अब पहले की तरह नहीं है।’ जेलेंस्की ने कहा कि रूस उनके देश को 2014 की तरह न आंके। उनका देश 2014 से अब अलग है, जब रूस ने बिना किसी लड़ाई के क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था और अलगाववादियों का समर्थन करते हुए पूर्वी डोनबास क्षेत्र पर नियंत्रण कर लिया था।

जेलेंस्की ने कहा, ’22 दिनों से युद्ध जारी है और हम रूस की ओर से पूर्ण पैमाने पर किए गए हमले के खिलाफ अपने देश की सुरक्षा के लिए लगातार सामना कर रहे हैं।’ अमेरिकी कांग्रेस को दिए अपने भावुक संबोधन में जेलेंस्की ने कहा था कि वह सैकड़ों बच्चों पर रूसी सैनिकों की ओर से बर्बर हमले को देखकर काफी दुखी हैं।

तीसरे विश्वयुद्ध की शुरुआत हो चुकी है

इससे पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बुधवार को कहा था कि संभवतः रूस ने तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत कर दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जेलेंस्की ने मीडिया से बात करते हुए कहा था अगर यूक्रेन इस जंग में हार जाता है तो इस जंग में आगे क्या होगा? यह कहना काफी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि 80 साल पहले दुनिया देख चुकी है कि जब दूसरा विश्व युद्ध शुरू हो गया था और कोई भी इसे लेकर भविष्यवाणी नहीं कर पाया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular