1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. बिहार : जदयू और भाजपा में तकरार तेज, ललन सिंह का आरोप – सीएम नीतीश का कद छोटा करने की साजिश रची
बिहार : जदयू और भाजपा में तकरार तेज, ललन सिंह का आरोप – सीएम नीतीश का कद छोटा करने की साजिश रची

बिहार : जदयू और भाजपा में तकरार तेज, ललन सिंह का आरोप – सीएम नीतीश का कद छोटा करने की साजिश रची

0
Social Share

पटना, 7 अगस्त। बिहार में सत्तारूढ़ दल को गठबंधन सहयोगियों – जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में अब ‘वार’ और ‘पलटवार’ का दौर तेज होता जा रहा है। इस क्रम में जदयू छोड़ने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर छोड़े गए ‘तीर’ पर पलटवार करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रविवार को कहा कि जदयू डूबता नहीं बल्कि दौड़ता हुआ जहाज है।

जदयू डूबता नहीं बल्कि दौड़ता हुआ जहाज है

जदयू सांसद ललन सिंह ने बगैर किसी का नाम लिए हुए कहा कि नीतीश कुमार का कद छोटा करने की साजिश रची गई थी। 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान चिराग मॉडल बनाकर नीतीश कुमार के खिलाफ षड्यंत्र हुआ और अब आरसीपी को मॉडल बनाया जा रहा था, उसका भी खुलासा करेंगे। ललन सिंह के इस बयान को परोक्ष रूप से भाजपा के खिलाफ माना जा रहा है।

आरसीपी के रूप में दूसरा चिराग मॉडल तैयार किया जा रहा था

पटना स्थित पार्टी दफ्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में ललन सिंह ने कहा कि षड्यंत्र रचने वालों की अब पहचाई हो गई है और जल्द खुलासा किया जाएगा, अभी ट्रेलर देखिए, फिल्म बाद में देखिएगा। उन्होंने कहा कि आरसीपी सिंह के रूप में दूसरा चिराग मॉडल तैयार किया जा रहा था।

नीतीश की सहमति के बगैर केंद्रीय कैबिनेट में शामिल हुए थे आरसीपी

ललन सिंह ने कहा कि आरसीपी सिंह बगैर नीतीश कुमार की सहमति के केंद्रीय कैबिनेट में शामिल हो गए थे। नीतीश कुमार इस बात का खंडन करते तो अच्छा नहीं लगता, लिहाजा वह चुप रह गए। लेकिन अब पार्टी ने तय किया है कि साल 2019 के स्टैंड पर कायम रहते हुए केंद्रीय कैबिनेट में शामिल न हुआ जाए।

वह कभी संघर्ष के साथी नहीं रहे, सिर्फ सत्ता के साथी रहे हैं

आरसीपी पर निशाना साधते हुए ललन सिंह ने कहा कि वह कभी संघर्ष के साथी नहीं रहे, सिर्फ सत्ता के साथी रहे हैं। आरसीपी सिंह पार्टी के बारे में कुछ नहीं जाते। उनके पास कोई ज्ञान नहीं है। केयरटेकर को पार्टी का सर्वेसर्वा नहीं समझना चाहिए।

उनका मन यहां तो तन कहीं और था, सत्ता जाने से वह बौखलाए हुए हैं’

आरसीपी सिंह पर जदयू में रहते हुए पार्टी के खिलाफ साजिश रचने वाला बताते हुए ललन सिंह ने कहा कि उनका मन यहां तो तन कहीं और था। लेकिन सत्ता जाने से वह बौखलाए हुए हैं। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता आज मुख्यधारा में हैं, लेकिन जो साजिश रच रहे थे, वे आज पार्टी से अलग हो गए हैं।

‘नीतीश कुमार भूंजा खाते हैं, उसमें भी आरसीपी को आपत्ति’

ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार भूंजा खाते हैं, उसमें भी आरसीपी को आपत्ति है। भूंजा खाकर ही इतना विकास कर दिए कि आज पूरी दुनिया में नीतीश कुमार के विकास की चर्चा हो रही है। आरसीपी सिंह को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जिसकी पहचान बनाई, वह नीतीश कुमार के बारे में इस तरह के बात कह रहा है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code