शेयर बाजार में हाहाकार जारी, मई 2020 के बाद सेंसेक्स का सबसे खराब सप्ताह, निफ्टी 488 अंक कमजोर
मुंबई, 13 मार्च। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष व कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण कमजोर वैश्विक संकेतों की भांति घरेलू शेयर बाजार में भी हाहाकार मचा हुआ है और लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी दोनों बेंचमार्क इंडेक्स – बीएसई सेंसेक्स व एनएसई निफ्टी में बड़ी गिरावट देखने को मिली।
इस क्रम में सेंसेक्स 1470 अंकों की गिरावट से 74,500 के करीब जा फिसला जबकि निफ्टी 488 अंकों की कमजोरी से 23,151 के स्तर पर ठहरा। वैश्विक बाजारों में भारी बिकवाली, विदेशी कोषों की निरंतर निकासी और रुपये की कमजोरी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
इस सप्ताह सेंसेक्स में 5.5% की गिरावट
देखा जाए तो इस सप्ताह सेंसेक्स में 5.5% की गिरावट आई, जो मई, 2020 के बाद से इसकी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। इसकी वजह यह रही कि मध्य-पूर्व में चल रहे भीषण युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें $100 प्रति बैरल से ऊपर बनी रहीं, जिससे भारत में महंगाई और आर्थिक विकास को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। वहीं निफ्टी में इस हफ्ते 5.3% की गिरावट दर्ज की गई। सभी 16 प्रमुख सेक्टरों को भी इस हफ्ते नुकसान उठाना पड़ा जबकि मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में क्रमशः 4.6% और 3.7% की गिरावट आई।
सेंसेक्स 1,470.50 अंकों की फिसलन से 74,563.92 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,470.50 अंक यानी 1.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,563.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,579.82 अंक यानी दो प्रतिशत गिरकर 74,454.60 अंक पर आ गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ दो के स्टॉक हरे निशान पर रहे और 28 में गिरावट देखने को मिली।
निफ्टी 2.06% की कमजोरी से 23,151.10 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 488.05 अंक यानी 2.06 प्रतिशत फिसलकर 23,151.10 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 47 के शेयर नुकसान में रहे और सिर्फ तीन लाभ में रहे।
लार्सन एंड टुब्रो के स्टॉक ने सर्वाधिक 7.52 फीसदी की कमजोरी देखी
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से लार्सन एंड टुब्रो के स्टॉक ने सर्वाधिक 7.52 फीसदी की गिरावट देखी। टाटा स्टील, एसबीआई, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, मारुति और अल्ट्राटेक सीमेंट को भी अधिक नुकसान उठाना पड़ा। दूसरी तरफ हिन्दुस्तान यूनिलीवर और भारती एयरटेल के शेयरों में बढ़त का रुझान रहा।
एफआईआई की बिकवाली जारी, ब्रेंट क्रूड 100.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 7,049.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,449.77 करोड़ रुपये की खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत बढ़कर 100.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
