1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ट्रंप का एलान- सार्थक बातचीत के बीच अगले 5 दिनों तक ईरानी पावर प्लांट्स व ऊर्जा ढांचे पर नहीं करेंगे हमले
ट्रंप का एलान- सार्थक बातचीत के बीच अगले 5 दिनों तक ईरानी पावर प्लांट्स व ऊर्जा ढांचे पर नहीं करेंगे हमले

ट्रंप का एलान- सार्थक बातचीत के बीच अगले 5 दिनों तक ईरानी पावर प्लांट्स व ऊर्जा ढांचे पर नहीं करेंगे हमले

0
Social Share

वॉशिंगटन/तेहरान, 23 मार्च। अमेरिका और इजराइल की ईरान के साथ बीते 23 दिनों से जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले पांच दिनों तक ईरान पर हमला न करने का एलान किया है। सोमवार को ट्रंप की इस घोषणा से कच्चे तेल की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली। हालांकि ईरानी विदेश मंत्रालय ने ट्रंप के दावे को खारिज करते हुए कहा है अमेरिकी राष्ट्रपति से कोई संपर्क नहीं है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, ‘पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत काफी सकारात्मक रही है और इसका मकसद दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रही दुश्मनी को खत्म करना है। इन चर्चाओं के बाद मैंने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर (पेंटागन) को निर्देश दिया है कि ईरान में पावर प्लांट और एनर्जी ठिकानों पर अगले पांच दिनों तक हमले न किए जाएं। बातचीत का माहौल सकारात्मक और रचनात्मक रहा है और यह चर्चा आगे भी जारी रहेगी।’

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि हमलों को टालने का फैसला आगे होने वाली बातचीत की सफलता पर निर्भर करेगा। दरअसल, ट्रंप ने दो दिन पहले ही ईरान को धमकी दी थी कि अगर 48 घंटे में होर्मुज रूट नहीं खोला गया तो वो ईरान के पावर प्लांट पर बड़ा हमला करेंगे।

ईरान ने खारिज किया ट्रंप का दावा, किसी भी संपर्क से इनकार

वहीं ईरानी मीडिया के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार ट्रंप के साथ कोई सीधी या अप्रत्यक्ष बातचीत नहीं हुई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान की चेतावनी के बाद ट्रंप पीछे हटे। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनकी अमेरिका से किसी भी तरह की बातचीत नहीं हो रही है और न ही वे बातचीत करने की स्थिति में हैं।

रॉयटर्स ने ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के हवाले से एक सूत्र के आधार पर बताया कि डोनाल्ड ट्रंप के साथ कोई सीधा संपर्क नहीं हुआ है, यहां तक कि किसी मध्यस्थ के जरिए भी नहीं। सूत्र ने दावा किया कि जवाबी काररवाई की चेतावनियों के बाद ट्रंप पीछे हट गए।

ईरानी मीडिया के अनुसार मंत्रालय ने कहा कि ट्रंप ऊर्जा कीमतों को कम करना चाहते हैं और अपने प्लानिंग के लिए वक्त हासिल करना चाहते हैं। इसलिए वे ऐसे बयान दे रहे हैं। बयान में यह भी कहा गया कि क्षेत्रीय देशों की ओर से तनाव कम करने की पहल हो रही है, लेकिन उनकी चिंताओं को अमेरिका के सामने रखा जाना चाहिए क्योंकि युद्ध की शुरुआत उसी ने की है।

ट्रंप के एलान के बाद ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर से नीचे गिरा

फिलहाल पांच दिनों तक ईरान पर हमले रोकने के ट्रंप के आदेश के बाद वैश्विक तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई। ब्रेंट क्रूड 100 अमेरिकी डॉलर से नीचे गिरकर 96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया जबकि US वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट फिसलकर 85.28 डॉलर पर पहुंच गया। इस तरह होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़े तनाव के कारण पहले हुई बढ़त खत्म हो गई।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code