उत्तराखंड : रुद्रपुर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, छह की मौत, कई घायल

रुद्रपुर, 28 अगस्त। उत्तराखंड के रुद्रपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त शक्तिफार्म के बसगर ग्रामसभा के करीब 60-70 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर उत्तमनगर स्थित गुरुद्वारे में दर्शन को जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

एनएच 74 पर हुए दर्दनाक हादसे बाद हाईवे पर जाम लग गया। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार मच गई थी। सड़क हादसे के तुरंत बाद ही लोग दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद को दौड़ पड़े। पुलिस के साथ मिलकर लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

RELATED ARTICLES

Most Popular