1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : टीएमसी ने जारी की 291 प्रत्याशियों की सूची, भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : टीएमसी ने जारी की 291 प्रत्याशियों की सूची, भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : टीएमसी ने जारी की 291 प्रत्याशियों की सूची, भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी

0
Social Share

कोलकाता, 17 मार्च। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने मंगलवार को 291 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार नंदीग्राम के बजाय भवानीपुर से चुनाव लडेंगी, जहां उनके खिलाफ भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है। हालांकि सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि भाजपा ने 144 उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची पहले ही जारी कर दी है।

दार्जिलिंग पहाड़ियों की शेष 3 सीटों पर बीजीपीएम चुनाव लड़ेगा

तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी के साथ यहां आहूत एक संवाददाता सम्मेलन में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी राज्य की 294 में से 291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दार्जिलिंग पहाड़ियों की शेष तीन सीटों पर अनित थापा के नेतृत्व वाला भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) चुनाव लड़ेगा।

टीएमसी के 291 उम्मीदवारों में से 52 महिलाएं शामिल

वहीं अभिषेक बनर्जी ने कहा कि टीएमसी के 291 उम्मीदवारों में से 52 महिलाएं, 95 अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति और 47 अल्पसंख्यक हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में चंद्रिमा भट्टाचार्य को दमदम उत्तर सीट, मदन मित्रा को कमरहाटी सीट, फिरहाद हकीम को कोलकाता पोर्ट सीट, कुणाल घोष को बेलेघाटा सीट व डॉ. शशि पांजा को श्यामपुकुर सीट से मैदान में उतारा गया है।

ममता का दावा – इस बार हम 226 से अधिक सीटें जीतेंगे

ममता बनर्जी ने कहा, “उम्मीदवारों की सूची जारी करने से पहले मैं बंगाल की जनता का धन्यवाद करती हूं। मैं ‘मां माटी मानुष’ और ‘बांग्लार संस्कृति’ को सभी को समर्पित करती हूं और 291 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करती हूं।”

सीएम ममता ने विश्वास जताया कि टीएमसी 2026 के विधानसभा चुनावों में आसानी से बहुमत हासिल करने के साथ सत्ता बरकरार रखेगी। उन्होंने दावा किया, ‘हम 2026 के विधानसभा चुनावों में 226 से अधिक सीटें जीतेंगे।’

भाजपा को उसकी जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा

विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए सीएम बनर्जी ने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी की सीटों में गिरावट आएगी। उन्होंने कहा, ‘इस चुनाव में भाजपा की सीटों में कमी आएगी। उन्हें उनकी जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।’

टीएमसी प्रमुख ने कहा, “मैं BJP से कुछ कहना चाहती हूं… आप डर क्यों रहे हैं? अगर आप लड़ना चाहते हैं तो मैदान में सही तरीके से उतरें। ECI, आपने तो कमाल का खेल खेला। BJP के पास कोई मौका नहीं है। इस बार पिछली बार के मुकाबले आपकी सीटें कम हो जाएंगी। यह पश्चिम बंगाल के अस्तित्व की लड़ाई है। बंगाल जीतेगा। ‘दिल्ली का लड्डू’ नहीं जीतेगा।”

मुख्यमंत्री ने उन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी आश्वस्त करने की कोशिश की, जिन्हें उम्मीदवारों की सूची में जगह नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा।

दो चरण में होंगे चुनाव

 

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को बाकी 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के लिए नोटिफिकेशन 30 मार्च को जारी होगा और उम्मीदवार छह अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच सात अप्रैल को होगी और नौ अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। दोनों चरणों की वोटों की गिनती चार मई को होगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code