ऑनलाइन गेम ने ली 3 मासूमों की जान – बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से कूद गईं सगी बहनें
गाजियाबाद, 4 फरवरी। गाजियाबाद थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी में कथित तौर पर ऑनलाइन गेम की शिकार तीन सगी बहनों ने एक साथ बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें तीनों बहनों ने लिखा है – ‘सॉरी मम्मी, सॉरी पापा…’
पिता बोले – लड़कियां ऑनलाइन कोरियन गेम खेलने की आदी थीं
वहीं लड़कियों के पिता ने चौंकाने वाला दावा किया है। पिता के अनुसार लड़कियां ऑनलाइन कोरियन गेम खेलने की आदी थीं, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। मंगलवार को गेम का आखिरी टास्क था। ऐसे में लड़कियां आखिरी टास्क पूरा करने के बाद 9वें फ्लोर से कूद गईं। पिता के अनुसार पुलिस बच्चों के फोन जांच के लिए ले गई है। गेम में कुल 50 टास्क थे। कूदने के लिए बच्चियों ने दो स्टेप वाली सीढ़ी का इस्तेमाल किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मझली बहन गेम की लीडर थी, वही कमांड तय करती थी। तीनों हर काम साथ करती थीं। आशंका है कि ये भी टास्क के तहत किया जाता था। हालांकि तीनो बहनें ऐसा गेम खेलती हैं, इसका पता किसी को नहीं होने दिया।
पिता ने कर रखी हैं दो शादियां
जानकारी यह भी मिली है कि सुसाइड करने वालीं बच्चियों के पिता ने दो शादियां की हैं, जो दोनों सगी बहने हैं। पहली पत्नी से कोई बच्चा नहीं हो रहा था तो उसकी छोटी बहन (साली) के साथ दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी से तीन बच्चे हुए। इसी दौरान पहली पत्नी से भी दो बच्चे हो गए। जो तीन बहनों ने खुदकुशी की है, उनमें दो बहनें दूसरी पत्नी की जबकि एक पहली की बेटी है। दोनों पत्नियां और बच्चे सब साथ रहते हैं। जानकारी के अनुसार पिछले दो वर्ष से तीनों बच्चियां स्कूल नहीं जाती थीं।
12, 14 और 16 वर्ष की थीं तीनों बहनें
मृतक लड़कियों के नाम निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) व पाखी (12 वर्ष) हैं। तीनों मध्यरात्रि बाद 2.30 बजे बिल्डिंग के 9वें फ्लोर से कूदी थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि रात्रि करीब 2.15 बजे पीआरवी द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि थाना टीलामोड़ स्थित भारत सिटी में टावर बी-1 फ्लैट नं. 907 की नौवीं मंजिल से तीन लड़कियां कूद गईं हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो तीन बच्चियां जमीन पर गिरी मिलीं, जिन्हें एम्बुलेंस द्वारा 50 शैय्या अस्पताल लोनी भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा तीनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में पुलिस अन्य वैधानिक काररवाई कर रही है।
