1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. UP के नवनिर्माण की आधारशिला रखेगा ये बजट : मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों के नाम लिखा खत
UP के नवनिर्माण की आधारशिला रखेगा ये बजट : मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों के नाम लिखा खत

UP के नवनिर्माण की आधारशिला रखेगा ये बजट : मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों के नाम लिखा खत

0
Social Share

लखनऊ, 16 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ शीर्षक से प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी कर राज्य के बजट को नवाचार और तकनीक आधारित विकास की ऐतिहासिक पहल बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह बजट नव निर्माण की उस यात्रा का अगला चरण है, जिसकी मजबूत आधारशिला पिछले वर्षों में रखी गई है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके तहत स्टेट डेटा अथॉरिटी का गठन किया जाएगा तथा यूपी एआई मिशन, एआई डेटा लैब, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और डेटा सेंटर क्लस्टर की स्थापना की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन पहलों से उत्तर प्रदेश वैश्विक तकनीकी मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।

‘टेक युवा-समर्थ युवा’ योजना के अंतर्गत 25 लाख युवाओं को नई तकनीकों में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करेंगे। एमएसएमई, स्टार्टअप और उद्यमिता को प्रोत्साहन देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना और महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख किया गया है। साथ ही प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की बात भी कही गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते नौ वर्षों में बिना कोई नया कर लगाए विकास की गति बनाए रखना सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन का परिणाम है। 9.12 लाख करोड़ के इस बजट को उन्होंने युवा, महिला, किसान और गरीब वर्ग की आकांक्षाओं को साकार करने वाला बताया। संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ें और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने में सहभागी बनें।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code