‘..तो वोट के लिए मोदी जी डांस भी कर देंगे’, बिहार की चुनावी रैली में राहुल गांधी के कटाक्ष पर भड़की भाजपा
मुजफ्फरपुर/पटना, 29 अक्टूबर। मतदान की तिथियां नजदीक आने के साथ बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। इसी क्रम में बिहार के चुनावी रण में पहली बार उतरे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ऐसा कटाक्ष किया कि बिहार से लेकर दिल्ली तक की सियासत में नया तड़का लग गया।
दरअसल, राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर में एक चुनावी रैली के दौरान पीएम मोदी को इंगित करते हुए कहा, ‘उन्हें बस आपका वोट चाहिए, अगर आप नरेंद्र मोदी को नाचने के लिए कहेंगे, तो वो नाचेंगे… वो बस आपके वोट चुराने में लगे हैं।’
मोदी वोट के लिए स्टेज पर आकर डांस कर लेंगे। pic.twitter.com/eqtUxGBTdh
— Congress (@INCIndia) October 29, 2025
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि पीएम मोदी विधानसभा चुनाव के बाद नजर नहीं आएंगे। वो सिर्फ ड्रामा करते हैं। छठ जैसे पर्व में भी ड्रामा किया। उनके लिए यमुना जी में अलग से साफ पानी की व्यवस्था हुई। पाइप दिख जाने के कारण वह यमुना तट पर नहीं आए।
भाजपा पर फिर लगाया वोट चोरी का आरोप
कांग्रेस नेता ने इसके साथ ही सत्तारूढ़ दल पर वोट चोरी का आरोप भी दोहराते हुए कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाताओं से धोखाधड़ी करती है और चुनाव परिणामों में हेरफेर करती है।
भाजपा का पलटवार – ‘लोकल गुंडे’ की भाषा में बात कर रहे राहुल
फिलहाल राहुल गांधी के बयान के बाद भाजपा ने भी तुरंत पलटवार किया। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी एक ‘लोकल गुंडे’ की भाषा में बात कर रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को वोट देने वाले हर मतदाता का भी अपमान किया है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपने बयान से भारतीय मतदाताओं और लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है। इसके साथ ही भाजपा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर खुलेआम घुसपैठियों के साथ खड़े होने का भी आरोप लगाया।
गौरतलब है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में वोटिंग होगी। पहले फेज की वोटिंग 6 नवम्बर को होनी है जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवम्बर को होगा। चुनाव परिणाम 14 नवंबर को आएंगे।
