1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात में बदल गई पूरी कैबिनेट, सीएम भूपेंद्र पटेल के 24 मंत्रियों ने ली शपथ
गुजरात में बदल गई पूरी कैबिनेट, सीएम भूपेंद्र पटेल के 24 मंत्रियों ने ली शपथ

गुजरात में बदल गई पूरी कैबिनेट, सीएम भूपेंद्र पटेल के 24 मंत्रियों ने ली शपथ

0
Social Share

गांधीनगर/अहमदाबाद, 16 सितम्बर। अंततः नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की इच्छा पूरी हुई और गुजरात की पूरी कैबिनेट बदल दी गई। इस क्रम में गुरुवार को अपराह्न राजभवन में आयोजित एक समारोह में 24 नए मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं।

निमा आचार्य नई विधानसभा अध्यक्ष, राजेंद्र त्रिवेदी मंत्री बने

इसी क्रम में निमा आचार्य विधानसभा की नई अध्यक्ष नियुक्त की गई हैं। इसके पहले दिन में राजेंद्र त्रिवेदी ने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्यपाल देववत्र आचार्य ने राजेंद्र त्रिवेदी को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा नेतृत्व ने बदल दी पूरी टीम

समझा जाता है कि गुजरात में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने नए समीकरण के तहत पूरी कैबिनेट बदलने का फैसला किया। इस प्रकार एक हफ्ते के अंदर न सिर्फ विजय रूपाणी का नाटकीय अंदाज में इस्तीफा हुआ वरन भूपेंद्र पटेल के रूप में राज्य को नया मुख्यमंत्री मिला वरन उन्हें नई टीम भी उपलब्ध करा दी गई।

10 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्य मंत्री, दो महिलाएं शामिल

गुजरात की नई कैबिनेट में जिन मंत्रियों ने शपथ ली, उनमें 10 कैबिनेट मंत्री हैं और 14 को राज्य मंत्री बनाया गया है।  कैबिनेट मंत्रियों में राजेंद्र त्रिवेदी, जितेंद्र वघानी, ऋषिकेश पटेल, पूर्णश कुमार मोदी, राघवजी पटेल, अर्जुन सिंह चह्वाण, कनुभाई देसाई, किरीट राणा, नरेश पटेल और प्रदीप परमार शामिल हैं।

राज्य मंत्री के रूप में हर्ष सांघवी, जगदीश पंचाल, बृजेश मेरजा, जीतू चौधरी, मनीषा वकील, मुकेश पटेल, निमिषा सुथार, अरविंद रैयाणी, कुबेर डींडोर, कीर्ति वाघेला, गजेंद्र सिंह परमार, राघव मकवाणा, विनोद मरोडिया और देवा भाई मालव को शपथ दिलाई गई है।

गौरतलब है कि पहले बुधवार को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होना था। लेकिन कुछ अंदरूनी विवाद के चलते इसे एक दिन के लिए टालना पड़ा। इस बीच नवगठित मंत्रिमंडल की आज ही दोपहर बाद 4.30 बजे पहली बैठक होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस आशय की जानकारी दी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code