देश इस समय संकट में है, भ्रष्टाचार बहुत बढ़ रहा है : वरुण गांधी

लखनऊ, 6 जनवरी। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने राजनीति में व्याप्त भ्रष्टाचार का हवाला देते हुये कहा कि देश इस समय संकट में है। अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत के दो दिवसीय दौरे पर आये वरुण ने एक कार्यक्रम में कहा कि देश में महंगाई आसमान छू रही है। बेरोजगारी तेजी से बढ़ती जा रही है। ऊपर से निजीकरण के नाम पर देश के महत्वपूर्ण संसाधनों को बेचा जा रहा है।

उन्होंने कहा, “सोचने वाली बात यह है कि जब हर चीज बिकेगी तब देश का क्या होगा। हमारे देश के पूर्वजों ने अपनी कुर्बानियां देकर इस देश को आज़ादी दिलायी है। हम उसे बर्बाद होते नहीं देख सकते। हमें देश को बचाना है। देश इस समय संकट में है।”

उन्होंने आह्वान किया कि कोरोना और ओमिक्रोन महामारी की तरह भ्रष्ट राजनीति के प्रति भी जागरूक होने की जरूरत है। आज राजनीति स्वार्थ और भ्रस्टाचार से लिप्त है। वरुण ने युवाओं से भी आह्वान करते हुये कहा, “राजनीति में ईमानदार लोगों को लाइये। ऐसे नेताओं को चुनिए जो आपके कष्ट को अपना कष्ट मानकर दूर करें।” इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लगभग डेढ़ दर्जन गांवों का भ्रमण भी किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular