दिल्ली-उत्तराखंड में आतंकी हमले का अलर्ट, मंदिरों, सरकारी दफ्तरों और रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
नई दिल्ली, 28 जून। दिल्ली और उत्तराखंड में संभावित आतंकी हमले की आशंका को लेकर खुफिया एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के बाद दोनों राज्यों में प्रमुख धार्मिक स्थलों, सरकारी संस्थानों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सतर्कता बरत रही हैं।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद यह अलर्ट जारी किया गया। ईमेल में दावा किया गया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली और उत्तराखंड के कई मंदिरों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा सकता है। इसके अलावा, कुछ राजनीतिक नेताओं का भी उल्लेख किया गया है, जिसके चलते एजेंसियां हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
निहंग सिखों के विवाद के बीच बढ़ी सतर्कता
यह सुरक्षा अलर्ट उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में हाल ही में निहंग सिखों और प्रशासन के बीच हुए विवाद के बाद सामने आया है। 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार में हुई झड़प के मामले में गिरफ्तार चार निहंग सिखों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था। हालांकि, 23 जून को सिख प्रतिनिधिमंडल की मध्यस्थता के बाद नागरासु गुरुद्वारे में यह गतिरोध समाप्त हो गया। इस बीच शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायालय ने चारों आरोपियों को जमानत दे दी।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस, उत्तराखंड पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। धार्मिक स्थलों, परिवहन केंद्रों और सरकारी इमारतों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल के डिजिटल ट्रेल की जांच कर रहे हैं ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह वास्तविक सुरक्षा खतरा है या किसी की शरारत। फिलहाल किसी विशेष स्थान या समय को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
